हरियाली तीज पर स्वर्ण जड़ित झूले में झूल रहे बांकेबिहारी, श्रद्धालु दर्शन कर होंगे अभीभूत

मथुरा । कृष्णनगरी मथुरा में हरियाली तीज पर आज सुबह वृंदावन में अलग ही रौनक थी, हर सड़क पर भक्तों की भीड़ बांकेबिहारी मंदिर की ओर बढ़ रही थी। मंदिर के बाहर भीड़ और अंदर स्वर्ण रजत हिंडोला आराध्य बांकेबिहारी के लिए सजाया जा रहा था। भक्तों की नजर घड़ी की सुई पर थी। कब दर्शन का समय हो। सुबह जैसे ही घड़ी की सुई 7.45 पर पहुंची तो मंदिर के पट भक्तों के लिए खुले। स्वर्ण-रजत हिंडोला में विराजित आराध्य बांकेबिहारी की छवि का दर्शन कर भक्त सुधबुध खो बैठे। अपलक आराध्य की इस अद्भुत छवि का दर्शन भक्तों को मुग्ध कर गया। मंदिर के अंदर से भक्त बाहर निकलने को तैयार न थे और बाहर खड़े भक्तो के इंतजार का सब्र टूट रहा था। ऐसे में मंदिर में मौजूद गार्डों और पुलिसकर्मियों को व्यवस्था संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रविवार की सुबह हरियाली तीज पर कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला। सुबह 6 बजे से ही देश दुनिया से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर डेरा डाल लिया। सुबह तय समय पर दर्शन खुले। मंदिर के जगमोहन में बेशकीमती स्वर्ण रजत हिंडोले में हरे परिधान और हीरे जवाहरात धारण कर आराध्य बांकेबिहारी झोटे ले रहे थे तो भक्तों की आस्था का ज्वार भी बढ़ता नजर आया। बांकेबिहारी के जयकारे और सावन की मल्हार के स्वर वातावरण में गूंज रहे थे। आज दर्शन का समय राजभोग आरती: दोपहर 1.55 बजे। दर्शन बंद होने का समय दोपहर 2 बजे होगा। सायंकालीन सेवा के तहत पट खुलने का समय: शाम 5 बजे। शयन आरती: रात 10.55 बजे। दर्शन बंद होने का समय: रात 11 बजे होगा।

Leave a Reply