हर हाल में करेंगे मतदान… मजदूरों ने लिया संकल्प 

इन्दौर । इन्दौर के समीप के ग्राम साहू खेड़ी के एक खेत में काम कर रहे मजदूर लालसिंह, बहादुर, श्रीमती शारदा, श्रीमती अनिता, कल्ला, राजू आदि आगामी लोकसभा चुनाव में रतलाम संसदीय क्षेत्र के बाजना जाकर अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करेंगे। क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो (फील्ड आऊटरीच ब्यूरो ) द्वारा चलाये जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज साहू खेड़ी के एक खेत में काम कर रहे मजदूरों को मतदान के महत्व के बारे में बताया गया तो उन्होने कहा कि वे अगले महीने अपने गांव जाकर मतदान करेंगे। उन्होने बताया कि हम सभी ने पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में भी मतदान किया था। सहायक निदेशक मधुकर पवार ने मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुये बताया कि वे बहुत ही सावधानी से अपने पसंद के उम्मीदवार के नाम और चुनाव चिन्ह के आगे की बटन को दबायें और पास ही रखी वी.वी.पी.ए.टी. में पर्ची देखें जिसमें उन्होने जिन्हें अपना मत दिया है उनका क्रमांक, नाम और चुनाव चिन्ह दिखाई देगा. यदि पढ़ना नहीं जानते तो भी चुनाव चिन्ह देखकर इसकी पुष्टि कर सकते हैं कि जिसे अपना मत दिया है, वह चुनाव चिन्ह परची में है या नहीं।
मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान आज ही इंदौर से सेमल्या चाऊ मार्ग पर बड़ौदाकरा और बड़ौदा दौलत में भी ग्रामीणों से आगामी 19 मई को मतदान करने की अपील की गई। बड़ौदाकरा के दीपक परमार ने कहा कि मतदान को अनिवार्य कर देना चाहिये। यदि कोई मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग नहीं करता है तो उसे
मिलने वाली शासकीय सुविधाओं से वंचित कर देना चाहिये। ऐसे ही प्रयासों से शत प्रतिशत मतदान हो सकेगा। ग्राम बड़ौदा दौलत के ओम पटेल बेसब्री से 19 मई की प्रतीक्षा कर रहें हैं क्योंकि वे पहली बार मतदान करेंगे। जब उनसे मतदान प्रक्रिया के बारे में चर्चा की तो उसने उत्साहित होकर कहा कि वह ई.वी.एम. और वी.वी.पी.ए.टी. के बारे में जानते हैं। सोशल मीडिया पर मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी मिल गई है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में चिल्ड्रन साईंस सेंटर के श्री राजेंद्र सिंह ने भी मतदान के महत्व की जानकारी दी तथा सभी मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी 19 मई को स्वयं मतदान करें तथा अपने परिवार और परिचित सभी मतदाताओं को भी मतदान करने के लिये प्रेरित करें। क्षेत्रीय प्रचार सहायक किशोर गाठिया ने आभार माना।

Leave a Reply