हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया बुजुर्ग, मौके पर ही मौत

प्रयागराज । प्रयागराज में एक बुजुर्ग हाईटेंशन की चपेट में आकर ‎जिंदा जल गया। बुजुर्ग को जलता देख ग्रामीणों ने ‎‎बिजली ‎विभाग में जानकारी दी। सूचना के कुछ देर बाद विद्युत आपूर्ति को बंद किया गया, लेकिन तब तक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। इस घटना के पीछे बिजली विभाग की घोर लापरवाही बताई जा रही है। घटना मांडा थाना क्षेत्र के चकडीहा निवासी अजीज अली पुत्र गफ्फूर अली सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। वह बकरियों को चराने के लिए बामपुर फाटक के समीप गए थे। इस दौरान ग्यारह हजार हाई टेंशन का तार नीचे लटके होने के कारण वे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी पूरी शरीर धू-धू कर जलने लगा। इसे देखते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई और लोग सहम उठे। इस दौरान घटनास्थल के स्थानीय लोगों की सूचना पर कुछ देर बाद विद्युत आपूर्ति को बंद कराया गया, लेकिन बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों सहित ग्रामीणों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर मेजा एसडीएम रेनू सिंह, मांडा थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पाण्डेय, भारतगंज चौकी इंचार्ज विनय सिंह, दिघिया चौकी इंचार्ज नवीन कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुचें। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शव कब्जे में नहीं लिया था। बता दें कि मृतक के परिजनों सहित लोगों का आरोप है कि बीते कई माह से उक्त विद्युत तार नीचे लटका हुआ था, लेकिन स्थानीय जेई सहित बिजलीकर्मियों की लापरवाही के कारण तार को दुरुस्त कर ऊपर नहीं किया गया, जिससे हादसा हुआ। उक्त मामले को लेकर परिजनों सहित इलाक़ाई लोगों में बिजली विभाग के प्रति खासा आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply