हाथरस केस : पीएफआई से जुड़े अभियुक्तों का मददगार रऊफ त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट से गिरफ्तार, जाने की फिराक में था मस्कट

लखनऊ | हाथरस कांड की आड़ में दंगा भड़काने की साजिश रचने के आरोप में मथुरा से गिरफ्तार किए गए पीएफए से जुड़े चारों अभियुक्तों के मददगार रऊफ शरीफ को केरल के त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मस्कट (ओमान) जाने की फिराक में था। उसे यूपी लाने के लिए एटीएस की एक टीम केरल रवाना कर दी गई है। 

प्रदेश के एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि हाथरस कांड के बाद प्रदेश में दंगा भड़काने की साजिश में शामिल चार अभियुक्तों सिद्दीक कप्पन निवासी मलप्पुरम (केरल), अतीकुर्रहमान निवासी मुजफ्फरनगर, आलम निवासी रामपुर और मसूद निवासी बहराइच को पांच अक्टूबर को मथुरा के मांट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े ये अभियुक्त दिल्ली से हाथरस जा रहे थे। मुकदमे की विवेचना के दौरान पता चला कि पीएफआई से जुड़े अभियुक्तों अतीकुर्रहमान और मसूद को दंगा भड़काने की साजिश में आर्थिक मदद और संसाधन उपलब्ध कराने में केरल निवासी रऊफ शरीफ की भूमिका प्रकाश में आई थी। 

रऊफ के विदेश भागने की खुफिया सूचना प्राप्त होने पर मांट (मथुरा) में दर्ज मुकदमे में उसके विरुद्ध 18 नवंबर 2020 को लुकआउट नोटिस जारी की गई थी। रऊफ शनिवार को मस्कट जाने की फिराक में था जिसे त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया है। वह पीएफआई की छात्र शाखा कैंपस फ्रंट आफ इंडिया (सीएफआई) का महासचिव है। विवेचना में रउफ को देश-विदेश से करोड़ों रुपये की फंडिंग प्राप्त होने और उसका प्रयोग सामाजिक वैमनस्यता और साम्प्रदायिक दंगो को भड़काने के लिए उपयोग किए जाने का तथ्य विवेचना में प्रकाश में आया है। 
 

Leave a Reply