हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के प्रभावी प्रयास किए: योगी

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोविड-19 पर काबू पाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कोविड-19 से बचाव एवं उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 संक्रमण की दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है, लेकिन संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर पूरी सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरूआत से ही हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के बेहतर परिणाम मिले हैं। समस्त सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। आईसीयू, सुदृढ़ टेस्टिंग व्यवस्था, वेन्टीलेटर सहित विभिन्न मेडिकल उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित रखने में उपयोगी भूमिका निभाई है।

Leave a Reply