होली के मौके पर महंगा हुआ हवाई सफर, दो से तीन गुना बढ़ा किराया

पटना । बिहार में होली से पहली ही देश भर से आने वाले लोगों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में घर आने के लिए लोग विमानों को ज्यादा तरहीज दे रहे हैं। यही कारण है कि होली से पहले ही विमानों के किराए में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी हो गयी है। 26 और 27 मार्च को विमान किराया सबसे अधिक है। दिल्ली से आने वाले विमानों के किराये में सबसे अधिक वृद्धि हुई है और यह सामान्य किराये से लगभग तीन गुना अधिक हो गया है, जबकि कोलकाता से आने वाले विमान का किराया दोगुने से अधिक हो गया है। चेन्नई से आने वाली फ्लाइट का किराया भी बढ़ कर दोगुना से थोड़ा अधिक हो गया है, जबकि हैदराबाद से पटना आने वाली फ्लाइट का किराया उससे थोड़ा कम है। बेंगलुरु और मुंबई से आने वाले विमानों की बात की जाए तो इनका किराया भी सामान्य से बढ़ कर डेढ़ गुना तक पहुंच चुका है। इस बारे में पटना के ट्रेवल एजेंट सन्तोष ने बताया कि होली आने वाली है जिसको लेकर अभी से ही भीड़ काफी बढ़ी है और इसी को लेकर विमान किरायों में दो से तीन गुना तक कि बढ़ोतरी हुई है। ट्रेवल एजेंट ने यह भी बताया कि सबसे ज्यादा दिल्ली से पटना आनेवाले यात्री हैं और सबसे ज्यादा किराये में बढ़ोतरी भी दिल्ली से पटना के बीच की है।
