भोजपुर में बिइक लूट के दौरान बदमशों ने कांस्टेबल को मारी गोली, हालत गंभीर

भोजपुर । बिहार के भोजपुर जिले में हथियारबंद अपराधियों ने बाइक लूट के दौरान एक एसएसबी जवान को गोली मार दी। इस गोलीबारी में वह बुरी तरह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिये सदर अस्पताल लाया गया। जख्मी जवान की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के सदासी टोला निवासी मनरदेव सिंह का 25 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार रुप में हुई। वह वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के दिरांग में एसएसबी बटालियन 30 में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत है। घटना की संबंध में जख्मी जवान के छोटे भाई गणेश कुमार ने बताया कि वह शाम को बाइक से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देवटोला गांव अपने भांजे को छोड़ने गया था। उसकी शादी अगले साल के मई में होने वाली है, जिसको लेकर वह अपने भांजे को छोड़ने के बाद जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शादी के लिए वीडियोग्राफी का सट्टा करने चला गया। जब वह सट्टा करके वापस बाइक से घर लौट रहा था उसी बीच दावां गांव के समीप दो हथियारबंद अपराधियों ने उसकी बाइक को रोका और उससे बाइक छीन ली। इसके बाद अपराधी उससे हाथापाई करने लगे, तभी एक अपराधी ने उक्त जवान को गोली मार दी। गणेश कुमार ने बताया कि गोली लगने के बाद भी जख्मी जवान बाइक छोड़ लगभग एक किलोमीटर दौड़कर भागता रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।
