11 राज्यों में फैला बर्ड फ्लू

छत्तीसगढ़ में भी संक्रमण की पुष्टि; पंजाब में दो पोल्ट्री फार्म का सैंपल संदिग्ध, भोपाल भेजा गया

बालोद/जालंधर/भोपाल/जयपुर। देश के 11 राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद शनिवार को गिधाली के ही दूसरे पोल्ट्री फार्म के 10 हजार मुर्गियों को दफनाया गया। इससे पहले शुक्रवार को गिधाली के ही जीएस पोल्ट्री फॉर्म में लगभग 1200 मुर्गियों को दफनाया गया था। संक्रमित पोल्ट्री फॉर्म को पूरी तरह से प्रशासन ने सील कर दिया है और पोल्ट्री फार्म के अंदर आने जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा संचालक और वहां कार्य करने वाले 2 कर्मचारियों सहित 15 लोगों को होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रदेश से आई टीम का दौरा लगातार जारी रहा। इधर, एक से लेकर 10 किलोमीटर की परिधि में जिला प्रशासन की ओर से मॉनिटरिंग की जा रही है। देश में अभी तक केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू फैल गया है।

मप्र के 27 जिलों में बर्ड फ्लू दस्तक
प्रदेश में बर्ड फ्लू के मामले तेजी से बढ़े रहे हैं। शुक्रवार को आठ नए जिलों में इस वायरस का संक्रमण फैल गया। इनमें हरदा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, मंडला, सागर, धार और सतना शामिल हैं। इन्हें मिलाकर अब तक 27 जिलों में इसकी पुष्टि हो गई है। हरदा के रहटगांव में मुर्गी में वायरस मिला है। अब यहां एक किमी के दायरे में मुर्गियों को मारा जाएगा। शेष जिलों में कौवों में यह पाया गया है।

पंजाब में भी बर्ड फ्लू के संकेत
जालंधर स्थित नॉदर्न रीजनल डिजीज डायग्नोस्टिक लैबोरेटेरी (एनआरडीडीएल) ने मोहाली के दो पोल्ट्री फार्मों रॉयल व अल्फा के सैंपल को बर्ड फ्लू का संदिग्ध केस माना है। लैब नेे इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं की है। इन सैंपलों को अब अंतिम जांच व पुष्टि के लिए भोपाल भेजा गया है। एनआरडीडीएल के अधिकारियों के मुताबिक मोहाली के डेरा बस्सी के गांव बेहड़ा स्थित अल्फा पोल्ट्री फार्म व रॉयल पोल्ट्री फार्म से यह सैंपल लिए गए थे। इन्हें बर्ड फ्लू के आरटी-पीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है।

राजस्थान में अब तक 5 हजार पक्षी मर चुके
झालावाड़ में कौओं से निकला बर्ड फ्लू अब प्रदेश के 16 जिलों में फैल चुका है। चार दिन पहले जयपुर जू में मृत मिले कॉमन डक में एच5एन8 एवियन इनफ्लूंजा की पुष्टि हुई। जिले में पहले ही बर्ड फ्लू के मामले मिल चुके हैं लेकिन जू में बर्ड फ्लू से चिंता बढ़ गई है। क्योंकि यहां कॉमन डक समेत 22 प्रजातियों के करीब 370 पक्षी हैं। इनमें से 10 कॉमन डक, 1 ब्लैक स्टॉर्क और 2 पैलिकन संक्रमित पाई गई हैं। इनमें से 6 कॉमन डक, एक ब्लैक स्टॉर्क व एक पैलिकन की मृत्यु हो चुकी है। 11 जनवरी से ही जू को बंद कर दिया गया है। इधर, प्रदेश में पक्षियों की मौत का आंकड़ा अब 5 हजार के करीब पहुंच चुका है। अब तक 4915 पक्षी मृत मिल चुके हैं, इनमें से 3495 कौवे, 261 मोर, 367 कबूतर व 792 अन्य पक्षी हैं। 

Leave a Reply