19 जुलाई तक नि:शुल्क बनेंगे बुनकर परिचय कार्ड

जयपुर । उद्योग आयुक्त एवं सचिव सीएसआर डॉ. कृृष्णा कांत पाठक ने जयपुर में स्वेज फार्म स्थित थार हथकरघा एवं हस्तकला उत्पादक सहकारी समिति में हथकरघा बुनकरोंं के फोटोयुक्त परिचय पत्र बनाने के शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि सभी जिला उद्योग केन्द्रों पर 8 जुलाई से 19 जुलाई तक शिविर आयोजित कर हथकरघा बुनकरों के परिचय पत्र बनाने का काम आरंभ हो गया है।
उन्होंने बताया कि बुनकरों के ये पहचान पत्र नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं। जयपुर में जिला उद्योग केन्द्र जयपुर शहर व ग्रामीण द्वारा बुनकरों की सुविधा के लिए स्वेजफार्म व जगतपुरा में परिचय पत्र बनाने की व्यवस्था की गई है। आयुक्त डॉ. कृृष्णा कांत पाठक ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के इंजीनियरिंंग कॉलेजों के युवाओं की सहभागिता तय करते हुए कम लागत के आधुनिकतम तकनीक व गुणवत्तायुक्त करघा विकसित करने के लिए शोध करवाया जाएगा। इससे आधुनिकतम तकनीक के करघे बुनकरों को उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि अनुमोदित डिजाइन के करघे के लिए संबंधित इंजीनियरिंग कॉलेज का पुरस्कृत भी किया जाएगा। आयुक्त डॉ. पाठक ने बताया कि महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्रों द्वारा उद्योग केन्द्र परिसर में करघा लगाया गए हैं और शिविर में आने वाले बुनकरों से करघा संचालित करवा कर परिचय पत्र बनाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान से प्रदेश के करीब 25 हजार से अधिक बुनकरों को लाभ होगा। इस अवसर पर बुनकर संघ के अध्यक्ष पवन सारस्वत ने बताया कि बुनकर संघ द्वारा बुनकरों को जिला उद्योग केन्द्रों तक लाकर बुनकर परिचय पत्र बनाने में आवश्यक सहयोग व समन्वय किया जा रहा है। सभी जिला उद्योग केन्द्रों पर शिविर अवधि के दौरान जिले के हथकरघा बुनकरों के फोटोयुक्त परिचय पत्र नि:शुल्क बनाए जाएंगे।
