19 साल की लड़की से हैवानियत, बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, लोहे की तार व बेल्ट से पीटा

नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई है। मामला बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके का है जहां एक लड़की के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे 19 साल की लड़की को अगवा किया और उसे 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और जमकर मारपीट भी की। मामला सामने आने बाद से आरोपी फरार है। 

पिस्टल की नोक पर छात्रा को किया अगवा  

अमन विहार इलाके में रहने वाली 11वीं की छात्रा को 30 मार्च को उस वक्त अगवा कर लिया गया था जब वह अपने घर के बाहर कुछ सामान लेने निकली थी। आरोपी ने पिस्टल की नोक पर छात्रा को अगवा किया और अपने ही घर की तीसरी मंजिल पर ले गया। यहां सिरफिरे ने छात्रा के हाथ-पैर बांध दिए और बेल्ट व लोहे के तार से उसकी जमकर पिटाई की।

मुह में कपड़ा ठूंस कर घर से निकल जाता था आरोपी

बंधक बनाने के बाद आरोपी ने छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी रात भर छात्रा के साथ रहने के बाद दिन में उसके हाथ पैर बांध देता था और मुह में कपड़ा ठूंस कर घर से निकल जाता था। आरोपी रात को नशे की हालत में आता और फिर बेल्ट से छात्रा को पीटता और मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता था।

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

छात्रा के अचानक गायब होने की वजह से परिजन भी परेशान थे। परिजनों ने उसे तलाश करने की पूरी कोशिश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले को लेकर पुलिस थाने की तरफ से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी (कुलदीप) पर पहले ही शक था क्योंकि वह अक्सर ही छात्रा परेशान करता था।परिजनों ने उसके घर भी पता किया लेकिन वहां से भी कोई सुराग नहीं मिला।

इस हालत में घर पहुंची छात्रा  

परिजन लगातार बेटी को खोज रहे थे कि अचानक से दसवें दिन छात्रा अमन विहार अपने घर पर आ पहुंची। घर पहुंचने पर मां ने देखा कि बेेटी की हालत बेहद खराब है शरीर में जगह-जगह चोट के निशान थे। छात्रा भूख और प्यास से बेहाल थी यह देख उसकी मां भी घबरा गई और उन्होंने तुरंत पिता को फोन कर घर बुलाया। 

परिजनों को बताई आपबीति

घर पहुंचने के बाद छात्रा ने पूरी आपबीति परिजनों को बताई। पीड़ित लड़की के मुताबिक आरोपी कुलदीप उसे अमन विहार के एक मकान में ले गया और वहां 10 दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। पीड़ित लड़की की बिजली के तार, बेल्ट, और डंडे से पिटाई की गई। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी तेज गाने चला देता था और जान से मारने की धमकी देता था।



Leave a Reply