2021 में भी धोनी ही सीएसके के कप्तान रहे तो हैरानी नहीं होगी : गंभीर

नई दिल्ली । पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा है कि महेंद्र सिंह धोनी साल 2021 में भी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान रह सकते हैं। गंभीर ने कहा कि धोनी और सीएके टीम के बीच आपसी विश्वास का इतना अच्छा रिश्ता है कि वह एक साल के खराब प्रदर्शन से प्रभावित नहीं हो सकता। तीन बार की चैम्पियन सीएसके इतिहास में पहली बार प्लेआफ में जगह बनाने में विफल रही है। 
वह 12 में से आठ मैच हारकर आखिरी स्थान पर है। गंभीर ने कहा ,‘‘ मैं हमेशा कहता आया हूं कि सीएसके को बनाने में मालिकों और कप्तान के बीच संबंधों का बड़ा हाथ है। उन्होंने धोनी को पूरी आजादी दी और उसे मालिकों से पूरा सम्मान मिला है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यदि वे उसे बरकरार रखते हैं तो मुझे हैरानी नहीं होगी। वह तब तक खेल सकते है, जब तक वह चाहे। हो सकता है कि अगले साल बदली हुई चेन्नई टीम के साथ भी वह कप्तान के रूप में ही नजर आये। ’’ गंभीर ने कहा ,‘‘ मालिकों से इस तरह के सम्मान के वह अधिकारी भी हैं।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ उसने जो टीम के लिये किया और टीम मालिकों ने उसे जो सम्मान दिया, वह शानदार रिश्ता है। हर टीम को अपने कप्तान के साथ ऐसे ही पेश आना चाहिये।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ धोनी ने उन्हें तीन आईपीएल खिताब, दो चैम्पियंस लीग खिताब जिताये हैं।  सीएसके अगर धोनी को ही कप्तान रखती है तो यह उनका रिश्ता और आपसी विश्वास है।’’ 

Leave a Reply