24 घंटे में 3.50 लाख से ज्यादा नए मरीज, लगातार 7वें दिन 3 हजार से ज्यादा की मौत; कुल संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के करीब

भारत में कोरोना का प्रकोप तेजी से पांव पसार रहा है। पिछले 12 दिनों से लगातार तीन लाख से ज्यादा नए मरीज सामने रहे हैं। रविवार को एक बार फिर 3 लाख 50 हजार 598 मरीज सामने आए हैं, वहीं 3,071 मरीजों ने जान गंवाईं। आज ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2 लाख 79 हजार 882 रही। वहीं कुल संक्रमितों का आंकड़ा अब दो करोड़ के करीब पहुंचने वाला है। आज यह संख्या 1.99 करोड़ को पार कर गई।

भारत में वायरस का प्रकोप कितना अधिक है, इसका अंदाजा लगाना है तो इन ताजा आंकड़ों को देख सकते हैं। शनिवार को दुनिया के टॉप-50 संक्रमित देशों में मिलाकर 3.91 लाख लोग संक्रमित पाए गए, जबकि अकेले भारत में 3 लाख 92 हजार 459 मरीजों की पहचान हुई। मतलब 50 देशों के टोटल केस से भी एक हजार ज्यादा मरीज भारत में मिले।

पिछले 24 घंटे में 2 राहत की खबरें भी आईं। पहली ये कि शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को संक्रमितों की संख्या में 9555 की कमी देखी गई। शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 4 लाख 2 हजार 14 लोग संक्रमित पाए गए थे, जो शनिवार को घटकर 3 लाख 92 हजार 459 पर पहुंच गया। दूसरी ओर पिछले 24 घंटे में दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भारत में हुई हैं। यहां 3,684 मरीजों ने दम तोड़ दिया। ब्राजील में मरने वालों की संख्या 2,278 रही। तीसरे नंबर पर अमेरिका रहा। यहां शनिवार को 661 लोगों ने जान गंवाई।

पहली बार एक दिन में 3 लाख से ज्यादा रिकवरी
शनिवार का दिन रिकवरी के मामले में काफी अच्छा रहा। पहली बार एक दिन के अंदर 3 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए। इस दौरान रिकवर होने वालों की संख्या 3 लाख 8 हजार 522 रही। अब तक दुनिया के किसी देश में एक साथ इतने मरीज रिकवर नहीं हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार 2.99 लाख लोग ठीक हुए थे।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.92 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,684
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.08 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.95 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.59 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.15 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 33.43 लाख

 

कोरोना अपडेट्स

  • बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा सांसद सुशील मोदी के भाई का रविवार को निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थें।
  • अमेरिका से रविवार देर रात रेमडेसिविर की 1 लाख 25 हजार इंजेक्शन भारत पहुंची। अमेरिका ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच अन्य सहायता जल्द भेजने की बात कही है।
  • हरियाणा सरकार ने राज्य में 3 मई से अगले 7 दिनों तक पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। यह जानकारी गृह मंत्री अनिल विज ने दी।
  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता की कोरोना से मौत हो गई। यह जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर शेयर की।
  • बढ़ते कोरोना केस के बाद ओडिशा में दो सप्ताह का लॉकडाउन लगा दिया गया है। राज्य सरकार ने 5 मई से लेकर 19 मई तक लॉकडाउन की घोषणा की है। इसमें हेल्थकेयर वर्कर्स को छूट दी गई है। इसके अलावा सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक घर से 500 मीटर दूर जाकर सब्जियां खरीदने की छूट दी गई है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने 1 मई तक हुई कोरोना जांच की रिपोर्ट जारी की है। ICMR के मुताबिक अब तक 29 करोड़ 1 लाख 42 हजार 339 कोविड-19 टेस्ट हो चुके हैं। 1 मई को 18 लाख 4 हजार 954 टेस्ट किए गए।
  • जर्मनी ने 120 वेंटिलेटर्स शनिवार को भारत भेजे। अगले हफ्ते जर्मनी से 13 टेक्निकल टीम भी एक मोबाइल ऑक्सीजन प्रोडक्शन एंड फिलिंग प्लांट लेकर आएगी। यह भारत में इसके लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करेगी।
  • दिल्ली के मैक्स अस्पताल के कोविड वार्ड में काम करने वाले डॉक्टर विवेक राय ने कथित तौर पर सुसाइड कर ली है। वे दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के मकान में रहते थे। UP के गोरखपुर के रहने वाले विवेक की हाल ही में शादी हुई थी। उनकी पत्नी दो महीने की गर्भवती हैं।
  • गोवा में बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए सोमवार सुबह से 4 दिनों का लॉकडाउन लगा दिया गया है। राज्य सरकार में मंत्री माइकल लोबो ने बताया कि सुपर मार्केट, सब्जी की दुकानें, किराना दुकानें और मछली शॉप्स को सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खोलने की छूट दी गई है।
  • अमेरिका ने अपने यहां 4 मई से भारतीयों के आने पर रोक लगा दी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन ने यह फैसला किया है।
  • वायुसेना ने सिंगापुर से चार क्रायोजेनिक ऑक्सीजन कंटेनर एयरलिफ्ट किए हैं। चार और कंटेनर आज लाए जाएंगे। इसके साथ ही एयरफोर्स ने शुक्रवार को नगालैंड के दिमापुर में ऑक्सीजन प्लांट के लिए जरूरी उपकरण भेजे।
  • देशभर में शुक्रवार को 15 करोड़ 48 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज दी गई। आज से देश में 18 से 45 साल की उम्र वालों को वैक्सीन देने की शुरुआत होगी।

 

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
यहां रविवार को 56,647 लोग संक्रमित पाए गए। 51,356 लोग रिकवर हुए और 669 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 47 लाख 22 हजार लोग संक्रमण की चपेट में चुके हैं। इनमें 39.81 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 70 हजार 284 लोगों की मौत हो गई है। 6 लाख 68 हजार 353 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

 

2. उत्तर प्रदेश
यहां रविवार को 30,857 लोग संक्रमित पाए गए। 36,650 लोग रिकवर हुए और 288 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 13 लाख 13 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 लाख 4 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,162 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 2 लाख 95 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।

 

3. दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को 20,394 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 24,444 लोग ठीक हुए और 407 की मौत हो गई। अब तक 11 लाख 94 हजार लोग संक्रमण की चपेट में चुके हैं। इनमें 10 लाख 85 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,966 मरीजों की मौत हो चुकी है। 92,290 का इलाज चल रहा है।

 

4. छत्तीसगढ़
यहां रविवार को 11,825 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 16,931 लोग ठीक हुए और 246 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 6 लाख 82 हजार लोग संक्रमण की चपेट में चुके हैं। इनमें 5 लाख 55 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7,782 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 19 हजार का इलाज चल रहा है।

 

5. गुजरात
राज्य में रविवार को 12,978 लोग संक्रमित मिले। 11,146 लोग रिकवर हुए और 153 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 94 हजार 602 लोग संक्रमण की चपेट में चुके हैं। इनमें 4 लाख 40 हजार 276 ठीक हो चुके हैं, जबकि 7,508 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,46,818 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

 

6. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 12,662 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 13,890 लोग ठीक हुए और 94 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 88 हजार 368 लोग संक्रमण की चपेट में चुके हैं। इनमें 4 लाख 95 हजार 367 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,812 लोगों की मौत हो चुकी है। 87,189 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

 

Leave a Reply