250 रुपये में खरीदकर लाए चाकू से की दोस्त हत्या

फतेहाबाद । फतेहाबाद पुलिस ने शहर के टोहाना के राजनगर में किराना की दुकान से घरेलू सामान लेने गए युवक की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। दरअसल, मृतक के ही दोस्त ने उसकी चाकू मारकर हत्या की थी। मामले में पुरानी रंजिश सामने आई है। वहीं मामले में आरोपित की मां से पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कुछ अहम बातें भी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार जिस चाकू से हत्या को अंजाम दिया गया है, उसे आरोपित शिवरात्रि के दौरान हरिद्वार से 250 रुपये में खरीदकर लाया था, तब से वह उसे संभालकर रखे हुए था। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपित काफी दिनों से ही इस हत्या की प्लानिंग में था। फिलहाल पुलिस ने अब मृतक के भाई के बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर दियाय सोमवार देर शाम को ही आरोपी अजय उर्फ जगसीर को काबू भी कर लिया।
पुलिस के अनुसार राजनगर का रहने वाला गोपी घरेलू सामान लेने के लिए मोहल्ले के चौक में ही बनी करियाना की दुकान पर गया था। तभी उसका पुराना साथी रहा अजय वहां पहले से ही मौजूद था। इसी बीच दोनों में आपसी कहासुनी करते हुए गोपी पर चाकू से हमला कर दिया। हादसे के बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद टोहाना की चंडीगढ़ पुलिस चौकी इंचार्ज साधु राम ने अपनी टीम के साथ जांच शुरू की। इस दौरान आरोपी की मां से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके बेटे के पास एक चाकू था, जो बीते दिनों ही हरिद्वार से खरीदकर लाया था। हरिद्वार से आने के बाद उसने चाकू घरवालों को दिखाया भी था और जब उससे पूछा कितने रुपये का लाया है, तो उसने बताया कि 250 रुपये का लेकर आया हूं। फिर जब उससे पूछा कि वह चाकू क्यों लाया है, तो उसने कहा था कि वह सब्जी काटने के लिए बढ़िया चाकू लाया है।
जब आरोपी की मां ने उसे चाकू घर पर रखने को कहा तो उसने मना कर दिया। उसने यह भी कहा कि यह उसके पास ही रहेगा। इस पर तब मां ने कहा था कि वह उसका क्या करेगा, कोई पकड़ लेगा, तो आरोपी बेटे ने कहा था कि कुछ नहीं होता, चाकू रखना तो आम बात है। इस पर सहमत हो गई उसकी मां को क्या पता था कि चाकू से वह अपने ही दोस्त रहे गोपी की हत्या कर देगा। पुलिस ने देर शाम को ही आरोपी को पकड़ लिया। जब पूछताछ में उसने बताया कि कुछ महीने पहले गोपी का मोबाईल गुम हो गया था, जिस पर उसने मुझ पर शक किया और बोला कि अपनी जेब चैक करवाए। मैंने नहीं करवाई, जबकि मैंने मोबाईल चुराया भी नहीं था। परंतु इसके बाद भी उस दिन मुझे पीटा, रात को मैं चौक में खड़ा हुआ था तो गोपी ही अपने साथियों के साथ आया और आते उसके साथ कहासुनी करने लगा। अजय ने बताया कि अजय के पास पंच था जो उसने उसकी छाती पर दे मारा। जब उसने खुद के बचाव के लिए चाकू निकाला, तो गलती से उसके लग गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। मेरा इरादा हत्या करने का नहीं था।

Leave a Reply