30 सीटर प्राइवेट बस में 56 लोग थे सवार, नागपुर पुलिस ने पहुंचाया थाने

नागपुर । नागपुर में लगे कड़े लॉकडाउन के बीच नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इस क्रम में पुलिस ने बीती रात एक प्राइवेट बस छापेमारी की, जिसमें क्षमता से यात्री भरे मिले। दरअसल नागपुर पुलिस के जोन 2 की डीसीपी अनिता साहू को यह जानकारी मिली थी कि प्राइवेट बसों में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए क्षमता से अधिक लोगों को भरा जा रहा है। इसके बाद अनिता साहू ने अपने नेतृत्व में एक टीम बनाई और यशवंत स्टेडियम परिसर इलाके में छापा मारा। इस छापेमारी में 30 सीटर बस में कुल 56 लोग भरे मिले, जिनके बीच कोई सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी। इसके बाद सभी यात्रियों को बस से उतारा गया और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि नागपुर में लगे कड़े लॉकडाउन के बाद चोरी-छुपे इस बस में बैठकर लोग अपने गांव की तरफ जा रहे थे। इस मामले में नागपुर पुलिस ने बस के मालिक के खिलाफ धंतोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। इतना ही नही, बस पर भी कार्रवाई करने के लिए इसकी जानकारी आरटीओ को दे दी गई है। बता दें कि नागपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 21 मार्च तक सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी चीजों पर पाबंदी है। इतना ही नही, 50 फीसदी क्षमता के साथ ही बसों को चलाने का आदेश प्रशासन की तरफ से दिया गया है। पिछले 24 घंटे में नागपुर में 2587 कोरोना मामले सामने आए हैं,जबकि 18 लोगों की मौत हुई है।
