41 फीसद को नहीं थी कोरोना के अलावा कोई दूसरी बीमारी, तब भी बच नहीं पाए
आम लोगों में यह धारणा बन गई है कि कोरोना सिर्फ उन्हीं के लिए खतरनाक होता है, जिन्हें डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, कैंसर जैसी कोई बीमारी है। हकीकत में ऐसा नहीं है। मध्य प्रदेश में कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों में 41 फीसद ऐसे थे, जिन्हें कोरोना के अलावा और कोई बीमारी नहीं थी। जबकि, 59 फीसद मृतकों में कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियां भी थीं। अप्रैल से लेकर 27 अगस्त तक प्रदेश में कोरोना से 1282 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों की वजह व उम्र के लिहाज से विश्लेषण किया तो यह जानकारी सामने आई है। यह भी पता चला है कि कोरोना से जितने मरीजों की मौत हुई है, उनमें 58 फीसद की उम्र 65 साल से ऊपर थी। 31 फीसद मरीज 45 से 64 साल वाले थे।
यह लोगों को गलतफहमी है कि जिन्हें पहले से कोई बीमारी है, उन्हें ही कोरोना शिकार बनाता है। यह वायरस बहुत ही संक्रामक है। किस मरीज की हालत संक्रमण से बिगड़ जाएगी यह भी नहीं कहा जा सकता, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। 30 से कम उम्र के लोगों की भी इस बीमारी से मौत हो रही है।
