500 करोड़ से निखरेगा महाकाल मंदिर:

500 करोड़ से निखरेगा महाकाल मंदिर:8 गुना बड़ा हो जाएगा मंदिर परिसर का एरिया, देश के सबसे आधुनिक मंदिरों में होगा शुमार;
त्रिेवेणी संग्रहालय से महाकाल मंदिर तक 700 मीटर का कॉरिडोर बनेगा। इसकी दीवारें 7.5 मीटर ऊंची होंगी। दीवारों पर शिव की विभिन्न मुद्राओं वाली आकृतियां उकेरी जाएंगी। यह नो व्हीकल जोन होगा। दिव्यांगों, मरीजों व बुजुर्गों के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था होगी।
MRIDA (मोबिलिटी स्टडी फॉर महाकाल रुद्रसागर इंटीग्रेटेड डेवलमेंट एप्रोच ) प्रोजेक्ट तहत हो रहे विकास कार्य
उज्जैन स्मार्ट सिटी योजना के तहत महाकाल मंदिर के विकास और विस्तार शुरू हो चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद महाकालेश्वर मंदिर परिसर का क्षेत्रफल वर्तमान से करीब आठ गुना बड़ा हो जाएगा। अभी मंदिर परिसर 2.82 हेक्टेयर में फैला है। विस्तारित क्षेत्र 20.23 हेेक्टेयर हो जाएगा।
खास है कि 12 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल विकास योजना का निरीक्षण कर अधिकारियों की बैठक ली थी। उन्होंने योजना के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था।
परियोजना के पहले चरण में महाकाल प्लाजा, महाकाल कॉरिडोर, मिडवे जोन, महाकाल थीम पार्क, घाट एवं डेक एरिया, नूतन स्कूल कॉम्प्लेक्स, गणेश स्कूल कॉम्प्लेक्स, पार्किंग, धर्मशाला, प्रवचन हॉल व अन्नक्षेत्र का निर्माण होगा।
दूसरे चरण में महाराजवाड़ा, रुद्रसागर जीर्णोद्धार, छोटा रुद्रसागर लेक फ्रंट, रामघाट का सौन्दर्यीकरण, पार्किंग, पर्यटन सूचना केंद्र, हरिफाटक ब्रिज का चौड़ीकरण, रेलवे अंडरपास, रुद्रसागर पर पैदल पुल, महाकाल द्वार, बेगमबाग मार्ग का विकास, रुद्रसागर पश्चिमी मार्ग और महाकाल पहुंच मार्ग का विकास किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद सिंहस्थ 2028 में महाकाल मंदिर क्षेत्र एक नए रूप में दिखाई देगा।
