550वें प्रकाश पर्व पर कुश्ती प्रतियोगिता, पंजाब में 24 साल बाद राष्ट्रीय टूर्नामेंट, शेड्यूल जारी

श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और पंजाब में 24 साल बाद कोई नेशनल टूर्नामेंट होगा। उत्सव को समर्पित 64वीं लड़कों और 22वीं लड़कियों की सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक पीएपी जालंधर के एमएस भुल्लर इंडोर स्टेडियम में होगी। पंजाब 24 सालों के बाद इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है।
यह जानकारी बुधवार को पंजाब कुश्ती संस्था के प्रधान व पद्मश्री पहलवान करतार सिंह ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी। करतार सिंह ने बताया कि पंजाब कुश्ती संस्था द्वारा करवाई जाने वाली इस चैंपियनशिप में पूरे भारत से लगभग 1400 पहलवान, प्रशिक्षक और ऑफ़ीशिअल हिस्सा लेंगे। इस चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर के चोटी के पहलवान- सुशील कुमार, बजरंग पूनीया, गुरप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरपाल सिंह, नवजोत कौर, गुरशरन कौर आदि आकर्षण का केंद्र होंगे।

यह चैंपियनशिप इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके विभिन्न वजन वर्गों के विजेता पहलवान अगले साल 2020 में टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के क्वालीफ़ाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के विजेता पहलवानों को पंजाब कुश्ती संस्था की ओर से विशेष इनाम दिए जाएंगे। करतार सिंह ने बताया कि इस चैंपियनशिप के लिए पंजाब कुश्ती संस्था द्वारा विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है।
चैंपियनशिप के लिए कुल 3 कुश्ती सैट्स और 6 इलैक्ट्रॉनिक्स स्कोर बोर्डों का प्रयोग किया जायेगा। मुकाबलों में भाग ले रहे पहलवानों, प्रशिक्षकों और ऑफिशियल की रिहायश और खाने के पुख्ता प्रबंध किये जाएंगे, जिसमें लड़कियों की रिहायश जालंधर शहर में और लड़कों की रिहायश पीएपी कॉम्पलैक्स में और आफिशियल की रिहायश विभिन्न होटलों में रखी गई है।

इस मौके पर पंजाब कुश्ती संस्था के सचिव और भारतीय कुश्ती टीम के पूर्व चीफ़ प्रशिक्षक पीआर सौंधी ने बताया कि सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप के लिए पंजाब की टीम का चयन पंजाब कुश्ती संस्था द्वारा 19 और 20 अक्तूबर को पीएपी के ही एमएस भुल्लर इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि पंजाब के नामी पहलवान इस चैंपियनशिप में भाग लें और पंजाब की नेशनल टीम का हिस्सा बन कर पंजाब का नाम रौशन करें।

पंजाब के पहलवानों को कोचिंग देंगे ईरानी कोच
पीआर सौंधी ने बताया कि पंजाब कुश्ती संस्था द्वारा विशेष तौर पर पंजाब के पहलवानों को कोचिंग के लिए बुलाए ईरानी प्रशिक्षक मोआज़ेन गोलामरेज़ा को बुलाया गया है, जिन्हें प्रति माह 2000 डॉलर मेहनताना दिया जाता है। इस मौके पर ईरानी प्रशिक्षक, भारतीय कुश्ती फेडरेशन के पूर्व मित्र प्रधान और पहलवान हरपाल सिंह हरपुरा, पंजाब कुश्ती संस्था के सीनियर मित्र प्रधान अमरपाल सिंह, खजांची गुरमीत सिंह, राकेश मिनहास और राजिन्दर सिंह बडहेड़ी भी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply