7 बसों में अचानक लगी आग; 3 घंटे में फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई,

7 बसों में अचानक लगी आग; 3 घंटे में फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, तब तक खाक हो गई बसें, एक करोड़ का नुकसान
बस स्टैंड से और बसों को हटाया गया नहीं तो नुकसान और बढ़ा हो सकता था।
दमोह के सरकारी बस स्टैंड पर अचानक लगी आग में 7 यात्री बसें जलकर खाक हो गई हैं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू किया। लेकिन तब तक बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। बसों की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। आगजनी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना बुधवार-गुरुवार की रात करीब 2 बजे की है।
दमोह शासकीय बस स्टैंड पर ये यात्री बसें खड़ी थी। इसी बीच रात करीब 2 बजे बसों में अचानक आग लग गई। आग का धुआं उठते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी। वहीं देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। आग ने आसपास खड़ी सात बसों को चपेट में ले लिया। इधर, घटनाक्रम की खबर मिलते ही मौके पर चार फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मामले में दमोह सीएसपी, थाना पुलिस ने घटना का पंचनामा बनाया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है।
आसपास खड़ी बसों को बचाया, करीब एक करोड़ का नुकसान
आगजनी की घटना देख बस स्टैंड पर खड़ी अन्य बसों को आनन-फानन में हटाया गया। वरना अन्य बसें भी आग की चपेट में आ सकती थी। आगजनी में बस मालिकों को करीब एक करोड़ से अधिक के नुकसान की बात सामने आ रही है। CSP अभिषेक तिवारी ने बताया कि बस स्टैंड पर खड़ी बसों में अचानक आग लगी थी। आग पर काबू पा लिया है। 7 बसें जली हैं। आग किन कारणों से लगी अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले में जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
