9 महीने बाद हरियाणा में सोमवार से खुलेंगे 6वीं से 8वीं तक स्कूल

9 महीने बाद हरियाणा में सोमवार से खुलेंगे 6वीं से 8वीं तक स्कूल
Schools Reopen in Haryana: प्रदेशभर में कक्षा छठी से आठवीं के लिए राजकीय एवं निजी स्कूल एक फरवरी यानि आज से खुल रहे हैं। पूरे नौ महीने के बाद इन कक्षाओं के छात्र स्कूल पहुंचेंगे। हालांकि जारी आदेशानुसार स्कूल आने के लिए छात्रों को माता-पिता की लिखित अनुमति अनिवार्य तौर पर लेनी होगी। जो छात्र फिलहाल स्कूल नहीं आना चाहते, उनके लिए ऑनलाइन पढ़ाई पहले की तरह ही जारी रहेगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से इस बारे में स्कूलों को भेजे गए लिखित आदेशानुसार उन्हें सरकार की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों और कोविड नियमों के लिए बनाए गए एसओपी का पालन करना होगा।

फिलहाल स्कूलों में तीन घंटे लगेंगी कक्षाएं
आदेशानुसार सरकारी और एडिड स्कूलों में कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं के लिए करीब तीन घंटे ही स्कूल चलेगा। स्कूल के छात्र सुबह 10 से दोपहर 1ः30 बजे तक स्कूल आएंगे। वहीं स्कूल के कर्मचारियों के लिए स्कूल 8ः30 से ढाई बजे तक चलेगा। उधर, निजी स्कूलों को अपनी सहूलियत के मुताबिक समय सीमा रखने की छूट भी दी गई है। जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए स्कूलों में कक्षाएं पहले की तरह ही चलेंगी। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि स्कूल संचालक किसी भी छात्र को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं करेंगे।

स्वास्थ्य रिपोर्ट जमा कराने पर मिलेगा प्रवेश
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेशानुसार स्कूल आने वाले छात्रों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक से सामान्य स्वास्थ्य जांच कराने के बाद रिपोर्ट बनवाकर लानी होगी। इसमें डाक्टर की ओर से लिखित में होना चाहिए कि संबंधित छात्र स्वस्थ है और कोरोना के लक्षण नहीं हैं। इसके अलावा छात्रों को अभिभावकों का सहमति पत्र भी लाना होगा। ये पत्र होने के बाद ही छात्रों को स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य स्वास्थ्य जांच का पत्र स्कूल में प्रवेश से 72 घंटे पुराना नहीं होना चाहिए। स्कूलों में किसी तरह की मेडिकल जांच की व्यवस्था नहीं की जाएगी।

कोविड संक्रमित मिले छात्र तो दस दिन बंद होगा स्कूल
स्कूलों को आदेश दिए गए हैं कि स्कूल में कोविड नियमों का पूरा पालन किया जाएगा। स्कूलों में मुख्य प्रवेश द्वार पर तापमान की जांच, सेनेटाइजेशन, उचित दूरी, छात्रों की सीमित संख्या जैसे नियमों का करना होगा। वहीं सभी छात्रों व कर्मचारियों को सही तरीके से मास्क पहनना होगा। छात्रों व कर्मचारियों के तापमान की जानकारी रोजाना विभाग और स्वास्थ्य आधिकारियों को देनी होगी। इसके बावजूद कोई छात्र कोविड संक्रमित पाया जाता है तो मिडिल, सेकेंडरी या सीनियर सेकेंडरी जिस भी विंग से छात्र होगा उस विंग को पूरे 10 दिनों के लिए बंद स्कूल परिसर को सेनेटाइज किया जाएगा। वहीं एक से ज्यादा छात्र कोविड संक्रमित पाए जाते हैं तो पूरे स्कूल को 10 दिनों के लिए बंद किया जाएगा।

मिड डे मील के बजाय फिलहाल सूखा राशन ही मिलेगा
कोविड को देखते हुए फिलहाल राज्य के सरकारी स्कूलों में छात्रों को मिड डे मील की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि पके हुए खाने के बजाय छात्रों को सूखा राशन पहले की ही तरह उपलब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि कोविड काल के बाद से सरकारी स्कूल में छात्रों को मिलने वाले मिड डे मील के बजाय सूखा राशन ही वितरित किया जा रहा है। स्कूल में मिड डे मील कब से मिलेगा इस बाबत स्कूल में प्रबंधन समितियों के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी। इसके बाद मामले पर जो भी फैसला होगा उसी हिसाब से योजना लागू की जाएगी।

तापमान ज्यादा हुआ तो प्रवेश नहीं मिलेगा
हरियाणा आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आदेशानुसार सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। इसके तहत स्कूल में साफ-सफाई, सेनेटाइजेशन, टास्क फोर्स का गठन, सुरक्षित यातायात, सुरक्षित होस्टल, आभिभावकों की आपेक्षाओं का आदि का पूरा ध्यान रखना होगा। स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिग के साथ ही सभी नियमों का पालन करना मुखिया की जिम्मेदारी रहेगी। कंटेनमेंट जोन के छात्रों व शिक्षकों को स्कूल आने की इजाजत नहीं होगी। प्रवेश से पहले गेट पर ही छात्रों का तापमान जांचा जाएगा, तापमान ज्यादा होने पर स्कूल में प्रवेश नहीं मिलेगी।

सोमवार से कक्षा छठी से 12वीं तक के लिए स्कूल खोल दिए जाएंगे। स्कूलों को सभी नियमों का पालन अनिवार्य तौर पर करना होगा। इस बारे में स्कूलों को पहले ही पत्र जारी कर कर दिया गया है। मास्क, सेनेटाइजेशन, तापमान की जांच आदि नियमों के साथ छात्रों को सुरक्षित रखा जाएगा। -रितु चौधरी, खंड शिक्षा आधिकारी

Leave a Reply