EMI पर बिक रहे गोबर, कंडे, आम के पत्ते, बेलपत्र, ऊपर से कई बैंक भी दे रहे ऑफर, कीमत सुनकर रह जाएंगे दंग

ईएमआई पर घर, कार, बाइक, पर्सनल लोन, टीवी, फ्रीज, मोबाइल जैसी चीजें तो अब बेहद आसानी से मिल जा रही हैं पर क्या आपने कभी सोचा था कि पूजा-पाठ के लिए गाय का गोबर, आम के पत्ते, बेल पत्र, कंडे आदि भी घर बैठे ईएमआई पर मिलेंगे। जी हां, यह सच है। गांवों में कभी मुफ्त मिलने वाले आम के पत्ते, गाय का गोबर, बेल पत्र और कंडा अब ई-रिटेलिंग कंपनी अमेजन पर ऑनलाइन बिक रहे हैं। आज नागपंचमी है और पूजा के लिए गाय का दूध और गोबर का इसमें विशेष महत्व है। वहीं, तीज-त्योहारों पर वंदनवार के लिए आम के पत्ते भी ढू्ढ़े जाते हैं। गांवों में तो अब भी ये चीजें आसानी से मिल जाती हैं पर शहर वाले क्या करें? कहीं जाने की जरूरत नहीं है। अपना मोबाइल उठाइए और अमेजन ऐप खोलिए। सर्च में गाय का गोबर डालिए। आपके सामने कई आकर्षक पैक में गोबर उपलब्ध होगा। अमेजन ऐप पर गाय के गोबर से बने कंडों की कीमत 2100 रुपये प्रति 500 पीस है। ऊपर से डिस्काउंट भी। आप क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेटबैंकिंग से पेमेंट कर सकते हैं। चाहें तो नोकास्ट ईएमआई पर भी आपके लिए सामान उपलब्ध है। गोबर से बने कंडे को बेचने वाले कई सेलर हैं। उन्हीं में से एक The Himalayan Collections हैं। यहां 12 पीस कंडे 199 रुपये मिलते हैं।
