एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर ले जाने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

जालंधर  | में थाना डिवीजन आठ के अंतर्गत आते पठानकोट चौक के पास से बीते 27 अक्टूबर की रात लगभग 17 लाख की नकदी से भरे एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर ले जाने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जालंधर पुलिस की तीन टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस की एक टीम ने अमृतसर में बीते 10 दिनों से डेरा डाला हुआ है, जहां सीसीटीवी फुटेज की जांच और वारदात में इस्तेमाल की गई क्वालिस गाड़ी के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं जिसके बाद जालंधर पुलिस आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मोबाइल डंप उठाया था जिसकी जांच में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे थे। मोबाइल डंप की जांच के आधार पर पुलिस ने अमृतसर में कई युवकों को राउंडअप किया था जिनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गैस कटर गिरोह के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी। लेकिन मामले में शामिल कोई भी आरोपित अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। माना जा रहा है कि पुलिस मामले में शामिल आरोपितों की जल्द ही गिरफ्तारी दिखाते हुए लूटी गई नकदी बरामद कर सकती है।

बेहद शातिराना ढंग से दिया था वारदात को अंजाम

बीते 27 अक्टूबर की रात करीब 3:00 बजे एटीएम में घुसे लुटेरों ने बड़े ही शातिराना ढंग से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। क्वालिस गाड़ी में सवार होकर आए तीन आरोपितों ने पहले तो एटीएम में घुसते ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरे पर पेंट स्प्रे कर दिया था जिससे उनकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद ना हो सके। शातिर लुटेरों ने एटीएम लूट की इस वारदात को मात्र 20 मिनट में अंजाम दिया था और 17 लाख की नकदी के साथ एटीएम को काटकर अपने साथ ले गए थे जिस ढंग से इस वारदात को अंजाम दिया गया था उससे यह साबित होता है कि लुटेरे काफी शातिर थे और उन्हें बैंक के एटीएम के विषय में सारी जानकारी थी। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द मामले में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

 

Leave a Reply