चीन को ट्रंप की धमकी- बंद करे गलत तरीके से कारोबार, वरना लगाएंगे 100 बिलियन का जुर्माना

अमेरिका और चीन के बीच जारी 'व्यापार युद्ध' के लिए अमेरिका ने पूरी तरह से चीन को जिम्मेदार ठहराया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन पर 100 अरब डॉलर का जुर्माना  (अतिरिक्त शुल्क) लगाने की धमकी दी है. दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच चल रहे व्यापारिक विवाद को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर से चीन  को गलत तरीके से व्यापार बंद करने की हिदायद भी दी.


ट्रंप ने कहा कि इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने पर बीजिंग के खिलाफ कड़े फैसले लेने होंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह 1,300 से ज्यादा चीनी उत्पादों पर 25 फीसदी की दर से आयात शुल्क लगाने के अपने प्रस्ताव पर आगे कदम बढ़ाएंगे. डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, व्यापार प्रतिनिधियों का मानना है कि चीन अमेरिका की बौद्धिक संपदाओं को अनुचित तरीके से हासिल करने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है.


500 अरब डॉलर का है अमेरिका का व्यापार घाटा

ट्रंप ने कहा, ‘‘हम चीन के साथ व्यापार युद्ध नहीं लड़ रहे हैं. उस युद्ध को तो कई साल पहले अमेरिका अपने बेवकूफ बेकार लोगों के जरिए हार चुका है, जो अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. अब हमारा व्यापार घाटा 500 अरब डॉलर का है. हम इसे जारी नहीं रख सकते हैं.’’



ट्रंप के बयान के बाद यूएस मार्केट में बिकवाली

ट्रंप का बयान आने के बाद चीन के व्यापार एकदम से प्रभावित हुआ. ट्रंप के बयान के एक घंटे के अंदर अमेरिका के इक्विटी फ्यूचर्स मार्केट में तेजी से बिकवाली दर्ज की गई. एसएंडपी 500 ई-मिनी फ्यूचर ट्रेड में 1.3 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई. डॉव जोंस और नास्डाक के साथ भी ऐसा ही हुआ. वहीं, करेंसी मार्केट में अमेरिकी डॉलर जापानी येन के मुकाबले 0.30 प्रतिशत तक कमजोर हुआ.


अपने रुख में बदलाव लाए चीन

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव साराह सेंडर्स ने कहा, ‘‘मौजूदा वक्त में हम व्यापार विवाद पर समीक्षा कर रहे हैं. हम चाहते हैं कि चीन अपने रुख में बदलाव लाए और अनुचित व्यापार गतिविधियों को रोके, जिन्हें वह दशकों से अपना रहा है.’’


उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कुछ महीने लग सकते हैं. जब दोनों तरफ से कोई भी पक्ष प्रस्तावित शुल्क दरों को अमल में लाएगा. ऐसे में उम्मीद करते हैं कि चीन सही कदम उठाएगा.’’सैंडर्स ने कहा कि जो भी समस्या इस समय है वह चीन की वजह से है. इसके लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दोषी नहीं ठहराया जा सकता.



बता दें कि ट्रंप के चीन के साथ व्यापार घाटे को घटाकर 100 अरब डॉलर पर लाने की मांग को चीन ने ठुकरा दिया है. चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 50 अरब डालर मूल्य के 106 अमेरिकी उत्पादों के आयात पर 25 फीसदी शुल्क लगाने का फैसला किया. इन उत्पादों में प्लेन और कार शामिल हैं. दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने करीब 1,300 चीनी उत्पादों की सूची जारी की जिस पर शुल्क लगाया जा सकता है. अमेरिका ने चीन से 50 अरब डालर की इन चीजों के आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है.

Leave a Reply