पुराने विवाद को लेकर रास्ते में घेरकर युवक को मारा चाकू

भिलाई। पुराने विवाद को लेकर एक आरोपित ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हादसे में एक युवक को ज्यादा गंभीर चोट लगी है।वैशाली नगर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने घटना में शामिल एक अपचारी को हिरासत में लिया है और बाकी की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि रामनगर आजाद चौक निवासी शिकायतकर्ता संजय जाल शादी विवाह में इवेंट का काम करता है। मंगलवार को वो अपने दोस्त नंदू देवांगन उर्फ छोटू के साथ काम पर गया था। रात में वे दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मुस्लिम कब्रिस्तान के पास आरोपित संजय बंजारे ने अपने अन्य साथियों साहिल व अन्य दो लोगों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता और उसके दोस्त को रोका।
आरोपितों ने उनसे पुराने विवाद को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद अपने पास से चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया। घटना में शिकायतकर्ता संजय जाल के हाथ व अंगूठे में चोट लगी।
वहीं उसका दोस्त नंदू देवांगन उर्फ छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और एक अपचारी को हिरासत में लिया है। वहीं बाकी अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
इधर, रानीतराई थाना के ग्राम बोरिद में हत्या का प्रयास की घटना हुई है। यहां पर पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम बोरिद निवासी पीड़ित रंजीत टंडन पर आरोपित शशि कुमार साय और एक अपचारी ने ब्लैड से जानलेवा हमला किया। आरोपितों ने मंगलवार को ब्लेड से उसके गले और सीने पर कई बार वार किया।
घायल को गंभीर हालत में मेकाहारा में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस ने अस्पताल में जाकर पीड़ित का बयान लिया और उसके बाद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
