Cash Crunch: देश में 70 हजार करोड़ रुपए नकदी की कमी

नई दिल्ली। सरकार और रिजर्व बैंक का दावा है कि देश में नकदी की कोई संकट नहीं है लेकिन एसबीआई रिसर्च ने कहा है कि सिस्टम में 70 हजार करोड़ रुपए की नकदी की कमी है। यह एटीएम के जरिए निकाली जाने वाली मासिक धनराशि का एक तिहाई है।


एसबीआई रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अगर 9.8 प्रतिशत की सामान्य जीडीपी बढ़ोतरी को माना जाए तो मार्च 2018 तक लोगों को 194 खरब रुपए की करेंसी उपलब्ध होनी चाहिए थी जबकि वास्तव में यह 175 खरब रुपए ही उपलब्ध है। इस तरह 19 खरब रुपए की करेंसी की कमी है। 19 खरब रुपए में डिजिटल लेन-देन सिर्फ 12 खरब रुपए का है। इस तरह नकदी की कमी 70 हजार करोड़ रुपए या इससे कम है।


ये हो सकते हैं कारण


200 रुपए के नए नोट को जारी करना और इसकी तेजी से छपाई एक वजह हो सकती है। अभी 200 के नए नोट के अनुकूल एटीएम मशीनें नहीं हैं। इन्हें 200 के नए नोट के अनुकूल बनाने में समय लग रहा है। इसके अलावा चौथी तिमाही में आर्थिक गतिविधियां तेज रहती है और एटीएम के जरिए अधिक धन निकासी होती है।


एटीएम में नकदी की उपलब्धता बढ़ी


एसबीआई ने कहा कि उसके एटीएम में नकदी की उपलब्धता पिछले 24 घंटे में बढ़ी है। पीएनबी, केनरा बैंक और एक्सिस बैंक समेत कई बैंकों ने भी कहा कि एटीएम में नकदी की कमी कुछ ही हिस्सों में है। देश के 2.2 लाख एटीएम में से 80 प्रतिशत से अधिक सामान्य काम कर रहे हैं।


Leave a Reply