सिरसा में पिस्तौल दिखा कर कश्मीरी व्यक्ति से छीने 10 हजार रुपये

सिरसा : सोमवार को गांव नेजाडेला कलां के समीप कार सवार व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर शाल बेचने वाले कश्मीरी व्यक्ति से दस हजार रुपये की नकदी व शाल–स्वेटर इत्यादि छीन लिये और फरार हो गया। इस वारदात के संबंध में पीड़ित व्यक्ति अजाद मोहम्मद डार निवासी धानवाड, तहसील धमाल हजीपुरा जिला कुलगाम जम्मू कश्मीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले एक महीने से सिरसा जिले के गांवों में स्वेटर शाल बेच रहा है।
सोमवार को वह गांव नेजाडेला कलां में स्वेटर व शाल बेचने के लिए गया तो वहां सेंट्रो कार में सवार एक व्यक्ति आया। उसने कहा कि उसकी बहनों की शादी है और उसे शाल स्वेटर खरीदने है। तूं मेरे साथ नेजाडेला कलां गांव में चल। इसके बाद वह उसकी कार में बैठ गया। रास्ते में एक बड़ी नहर को पार करके उसने गाड़ी रोक ली और उसे पिस्तौल दिखाकर उससे दस हजार रुपये निकाल लिये और उसका सामान लेकर जबरदस्ती उसे कार से उतार कर गाड़ी लेकर फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी गठरी में करीब 150 स्वेटर व शाल बंधे हुए थे। वारदात की सूचना मिलने पर एएसआइ जगपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
