कोरोना संक्रमित नवजात की मौत

पानीपत । कोरोना से सोमवार को चंडीगढ़ पीजीआइ में सवा महीने के नवजात की उपचार के दौरान मौत हो गई। थानेसर नगर परिषद की टीम ने गोविंदगढ़ श्मशानघाट में कोविड प्रोटोकोल में उसका अंतिम संस्कार किया। ईशरगढ़ के नवजात की सांस में तकलीफ के चलते पीजीआइ में उपचार चल रहा था और वहीं पर कोरोना पाजिटिव पाया गया था। नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। जिले में पूरे तीन माह के बाद कोरोना पाजिटिव मरीज की मृत्यु हुई है। जिले में कोरोना पाजिटिव मरीजों की मौत का आंकड़ा अब 358 हो गया है। वहीं नवजात की मृत्यु से गांव ईशरगढ़ में सन्नाटा पसर गया।
कुरुक्षेत्र में अब तक 22172 पाजिटिव केस सामने आ चुके हैं और अब तक 21805 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अभी जिले में दस कोरोना के एक्टिव केस हैं। इनमें से दो मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है और आठ मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। इनमें से ज्यादातर मरीज विदेशों से आने वाले हैं। दस में से छह कोरोना पाजिटिव विदेशों से आने वाले पाए गए हैं।
