गुजरात में मोदी:वलसाड पहुंचे प्रधानमंत्री, करेंगे कई योजनाओं की शुरुआत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृह राज्य गुजरात के वलसाड पहुंच गए हैं। वहां पर वे प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभान्वितों को सार्टिफिकेट देंगे। वलसाड के कार्यक्रम में इस योजना के तहत पांच जिलों वलसाड, नवसारी, तापी, सूरत और डांग जिले के लाभार्थी जुटे हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न विकास कार्यक्रमों के तहत चुने गए लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और रोजगार पत्र सौपेंगे। इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोदय योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन शामिल है। वह महिला बैंक कोरेस्पांडेंट को नियुक्ति पत्र भी सौपेंगे।
जबकि, शेष जिलों के लाभार्थी वीडियो लिंक के माध्यम से वलसाड में आयोजित इस कार्यक्रम से जुड़ें हैं। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री थोड़ी देर बाद एक जनसभा को भी संबोधित करने जा रहे हैं। अपने इस गुजरात दौरे में वे प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाख से भी अधिक लाभार्थियों के सामूहिक ई-गृह प्रवेश समारोह में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री का जूनागढ़ में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने का कार्यक्रम है। वे गांधीनगर में गुजरात फारेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। मोदी का गांधीनगर में राजभवन में श्रीसोमनाथ ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लेने का भी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री इस ट्रस्ट के एक न्यासी हैं ।
सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गुजरात में एक लाख से अधिक मकान तैयार हो गए हैं। इस कार्यक्रम के तहत लाभार्थी 26 जिलों में सामूहिक गृह प्रवेश का उत्सव मनाएंगे।
