भाई ने बहन को लिखा, ‘आई मिस यू दीदी’ और फिर फंदे से लटक गया

धनबाद । रक्षाबंधन से पहले भाई ने बहन के नाम नोट लिखकर आत्महत्या कर ली। चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित रौनक शर्मा के मकान में रहने वाले सौरभ कुमार सिंह ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
सौरभ कोडरमा के पथलडीहा का रहने वाला था। घटना मंगलवार की दोपहर की है। घटना के समय उसका रूम पार्टनर सेंटर स्थित अपनी बहन के घर बर्थडे पार्टी में गया था। वापस लौटा तो देखा कि उसका दोस्त सौरभ पंखे में चादर के सहारे फांसी से लटक रहा है। उसने शोर मचा कर और लोगों को बुलाया।
आनन-फानन से उसे पंखे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मकान मालिक से सूचना पाकर धनबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया।
दोस्तों से पूछताछ की गई। दोस्तों ने बताया कि दो दिनों से सौरभ तनाव में था। सूचना पाकर परिजन भी धनबाद पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सौरभ के पिता श्रवण कुमार सिंह ऑटो चालक हैं। चार बहनों का वह इकलौता भाई था। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सौरभ कोडरमा में आदर्श प्लस प्लस टू में पढ़ता था। धनबाद में रहकर कोचिंग में तैयारी करता था।
मै चाह कर भी इस दुनिया में नहीं रह सकता …
पुलिस ने कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। नोट में लिखा है कि ह्य पता नहीं मैं ये क्यों कर रहा हूं पर मेरे मन और दिल दोनों को इससे सुकून मिलेगा। मैं चाह कर भी अब इस दुनिया में नहीं रह सकता, क्योंकि मैंने अपना अस्तित्व खो दिया है।
मैंने अपनी ही आखों के सामने परिजनों को रोते देखा है। पापा मेरे बगैर भी बहनों की देखरेख कर लेंगे। दोस्तों के रूप में मुझे भाई मिला। मैंने मां का भरोसा तोड़ा शायद वह मुझे माफ नहीं करेगी। मेरी प्यारी दीदी तुमसे किया वादा भी मैं नहीं निभा पाया। दीदी प्लीज मुझे मिस मत करना। मैं कहीं भी रहूंगा, तुम्हें बहुत मिस करुंगा, आई लव यू दी… सिर्फ तुम ही मुझे समझ सकती हो और कोई नहीं।
