हिमाचल : रोहतांग में खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 11 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से बड़ा सड़क हादसा हुआ है. कुल्लू के मनाली में रोहतांग पास में एक स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई है.
इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है. हादसे में गाड़ी के परखच्छे उड़ गए हैं. हादसा मनाली से पचास किमी की दूरी पर हुआ है. मरने वालों में तीन बच्चे, पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. रोहतांग पास से 5 किमी पहले यह स्कॉर्पियो गाड़ी रानीनाला के पास खाई में गिर गई. गाड़ी में 11 लोग सवार थे.
बताया जा रहा है कि गाड़ी सवार मनाली से पांगी जा रहे थे. मृतकों की पहचान हालांकि अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस का दल मौके पर पहुंचा है और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को निकाला गया है.
घटनास्थल के पास मोबाइल सिग्नल न होने के चलते गुरुवार दोपहर को घटना की सूचना मिल पाई है.जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दो बजे के आसपास यह हादसा हुआ है.
एसपी कुल्लू शालिनी अग्नीहोत्री ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
