बिहार के आरा में पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच पत्थरबाजी-फायरिंग

नई दिल्ली/पटना/जयपुर/भोपाल, केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटते हुए SC/ST एक्ट में संशोधन कर मूल स्वरूप में बहाल करने पर सवर्णों ने आज भारत बंद बुलाया है. ये भारत बंद कई सवर्ण संगठनों द्वारा बुलाया गया है. सभी को केंद्र सरकार के इस फैसले से आपत्ति है. देश के अलग-अलग राज्यों में भारत बंद का असर दिखना शुरू हो गया है.
11.30 AM: बिहार के आरा में बंद समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हुई. इस दौरान बंद समर्थकों ने पुलिस पर पथराव भी किया. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बंद समर्थकों लाठीचार्ज किया. सूत्रों की मानें तो आरा में फायरिंग भी हुई है. घटना शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर मुहल्ले की है.
11.14 AM: ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मध्य प्रदेश के शिक्षा मंत्री जयभान सिंह, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री माया सिंह, कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई है. सवर्णों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी नेताओं के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई.
11.03 AM: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सवर्णों के समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान लोग काली पट्टी बांध सड़कों पर उतरे और सरकार विरोधी नारे लगाए.
10.26 AM: बिहार के कई हिस्सों में लोगों ने आगजनी पर विरोध जताया.
10.21 AM: महाराष्ट्र के ठाणे में भी सवर्ण समुदाय के लोग SC/ST एक्ट का विरोध करने सड़क पर उतरे हैं.
10.15 AM: उत्तर प्रदेश के संभल और मुजफ्फरनगर में भी धारा 144 लागू कर दी गई है.
10.10 AM: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ भारत बंद का असर दिख रहा है. यहां पूरी तरह से बाजार बंद हैं. इस क्षेत्र में करणी सेना की अगुवाई में प्रदर्शन हो रहा है.
09.46 AM: बिहार के मुजफ्फरपुर में भी SC/ST एक्ट का विरोध, कई जगह सड़क जाम. वहीं नवादा में भारत बंद के दौरान लोगों ने घूम-घूमकर बाजार को बंद कराया, यहां पर राजगीर पथ पर लोगों ने आगजानी कर सड़क को जाम किया.
09.40 AM: बिहार के दरभंगा और मसूदन में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोका, भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे.
