वंदे भारत पर पत्थरबाजी करने वालों की खैर नहीं, सीसीटीवी कैमरे करेंगे निगरानी

देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत के शुरुआती दिनों में ही उसकी स्पीड से ज्यादा उस पर पत्थरबाजी की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है. लेकिन अब इन घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए रेलवे ने इस ट्रेन के बाहरी हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं. ट्रेन के दोनों ओर बाहरी हिस्सों में दो-दो कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की खासियत है कि ट्रेन अगर अपनी अधिकतम रफ्तार पर होगी तब भी ये बिल्कुल साफ तस्वीरें ले सकेंगे जिससे पत्थरबाजों को पहचानने में आसानी होगी.
उधर यूपी के औरैया जिले में शनिवार को आरपीएफ ने वंदे भारत पर पत्थरबाजी के आरोप में तीन छात्रों को गिरफ्तार किया. बाद में उन्हें मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया. गौरतलब है कि बीती 17 फरवरी से इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया है जो नई दिल्ली से चलकर वाराणसी तक जाती है. ये ट्रे सप्ताह में पांच दिन चलती है. पत्थरबाजी की लगातार होती घटनाओं ने रेलवे प्रशासन के माथे पर बल ला दिए थे. अब पत्थरबाजों की पहचान के लिए रेलवे ने यह कार्रवाई की है.
