स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा का दावा, उत्तर प्रदेश में 74 सीटें जीतेगी भाजपा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी जे.पी.नड्डा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी इस बार 74 सीटें जीतेगी। गोरखपुर के बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पर चुनावी तैयारियों का जायजा लेने आये श्री नड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। प्रथम चरण के चुनाव क्षेत्रों का माहौल देखकर लग रहा है कि लोग इस बार भाजपा के पक्ष में एकतरफा मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर, सन्तकबीरनगर, देवरिया सहित गोरखपुर क्षेत्र की उन सीटों के उम्मीदवार जल्द घोषित कर दिए जाएंगे जिनकी घोषणा अभी तक नहीं हो सकी है।
बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के 13 लोकसभा क्षेत्रों के लोकसभा प्रभारी, संयोजक और विस्तारक भाग ले रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्र के तीन महामंत्री और क्षेत्रीय महामंत्री संगठन रत्नाकर बैठक में शामिल हैं।
