बिना दुल्हे की बारात है महागठबंधन: शिवराजसिंह चौहान

दरभंगा। चुनावी समर में एकतरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं,  तो दूसरी तरफ महागठबंधन के सारे दल हैं। हमारा नेतृत्व नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं, लेकिन सामने वाली सेना में कोई सेनापति नहीं है। महागठबंधन बिन दूल्हे की बारात है। एक तरह से यह महागठबंधन न होकर महाठगबंधन है, जिसमें अलग-अलग नीति, अलग अलग दिशा और अलग अलग विचार वाले लोग सिर्फ सत्ता के लालच में एक हुए हैं। यह बात शुक्रवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने बिहार के दरभंगा में आयोजित जनसभा में कही। चौहान के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी उपस्थित थे।
शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार को बिहार के दरभंगा में चुनाव प्रचार पर थे। उन्होंने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और दरभंगा लोकसभा के प्रत्याशी गोपाल ठाकुर, मधुबनी से पार्टी प्रत्याशी अशोक यादव और समस्तीपुर से लोजपा के प्रत्याशी रामचन्द्र पासवान के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इससे पूर्व चैहान पार्टी प्रत्याशी गोपाल ठाकुर के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे। इस अवसर पर जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी एवं लोजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
– बिहार में एक भाई दूसरे भाई की नहीं सुन रहा
चौहान ने आरजेडी पर तंज कसते हुए कहा कि सीटों के बंटवारे में परिवार के अंदर भी मारकाट मची हुई है। बड़े भाई की बात छोटा भाई नहीं सुन रहा है। एक भाई की स्थिति तो यह है कि ‘घर के जोगी जोगडा, आन गांव के सिद्ध’। वहीं दूसरे ने तय कर रखा है कि ‘न खेलब न खेल देब, खेलवे बिगाड़त’। उन्होंने कहा कि आरजेडी हमेशा दलित, पिछड़ों और सवर्णों की विरोधी रही है। इन्होंने बिहार को जंगलराज बना दिया था। आज बिहार जंगलराज से मुक्त है। शराबबंदी की वजह से घरेलू हिंसा की घटनाओं में कमी आयी है। बिहार की सरकार डबल इंजन की सरकार है जो केन्द्र के साथ मिलकर प्रदेश का विकास कर रही है।
– हमने बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी बनाया
चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बचपन से मैंने बेटे और बेटियों के बीच भेदभाव होते देखा तो यह ठान लिया कि बेटियों को भी बेटों जैसा सम्मान मिले और प्यार मिले, इसके लिए कुछ करूं। एक कसक मन में थी, जिसे मुख्यमंत्री बनते ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के रूप में पूरी करने का काम किया। इसके साथ ही हमने योजना बनाई कि मध्यप्रदेश की धरती पर जब बेटी पैदा हो तो वह लखपति बने। हमने बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी बनाने का काम किया और यही कारण है कि आज प्रदेश भर में बेटियां मुझे मामा कहकर बुलाती हैं।
– नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का उदय हुआ
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली भारत, समृद्धशाली भारत और शक्तिशाली नए भारत का उदय हुआ है। एक समय था जब मुंबई में आतंकवादी घटनाएं हुई तो सरकार के कानों तक जूं नहीं रेंगती थी। लेकिन जब पुलवामा में आतंकवादी घटनाएं हुई तो उसका उत्तर हमारी शक्तिशाली सेना ने उनके घर में घुसकर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया कि आतंकवादियों को हम नहीं छोड़ेंगे। पाताल में भी अगर आतंकवादी हैं तो उन्हें ढूंढकर मारेंगे। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेनाओं को खुली छूट दी है और यही कारण है कि जोश, जज्बे और आत्मविश्वास के साथ हमारी सेनाएं दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रही हैं।
– सबसे बड़े झूठेले हैं राहुल गांधी
शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी दुनिया के सबसे बड़े झुठेले हैं। मध्यप्रदेश में आकर उन्होंने कहा था कि किसानों का कर्जामाफ कर देंगे, लेकिन कर्जा तो माफ नहीं हुआ उल्टा किसानों को बैंको से वसूली के नोटिस मिल रहे है। राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के युवाओं से कहा था कि 4000 रूपए बेरोजगारी भत्ता देंगे और रोजगार देंगे, लेकिन यह बात भी उनकी पूरी तरह झूठ साबित हुई। मध्यप्रदेश के युवाओं को कांग्रेस की सरकार ढोर चराने और बैंड बजाने का प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर जगह झूठ बोल रहे हैं। हद तो उन्होंने तब कर दी जब झूठ बोलने में उन्होंने गरीबों तक को नहीं छोड़ा। न्यूनतम आय योजना के नाम पर सबसे बड़ा झूठ बोलने का काम राहुल गांधी ने किया है।
– मिशेल मामा की पूछताछ में नए-नए नाम खुल रहे हैं
अगस्ता वेस्टलेंड हेलीकॉप्टर घोटाले के बिचैलिए मिशेल मामा से पूछताछ हो रही है। नए-नए नाम खुल रहे हैं। बड़े बड़े लोग पकड़ में आने वाले हैं। कांग्रेस के नेता आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं। यूपीए के समय जमीन, आसमान और पाताल तक में घोटाले हुए। टूजी, थ्रीजी, फोर जी और यहां तक कि इनके जीजाजी भी भ्रष्टाचार से अछूते नहीं रहे। इनके सारे नेता अदालतों के चक्कर लगा रहे हैं। ईडी पूछताछ कर रही है। शर्म आना चाहिए इन नेताओं को जिन्होंने जनता के पैसों को पलीता लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों ने बिहार और देश को भी बर्बाद किया है। हमें जनता को सावधान करना है।

Leave a Reply