अमेरिका ने एच-1बी वीजा संख्या 65,000 तक की सीमित

वाशिंगटन।अमेरिका की नीतियों में बदलाव का दौर लगातार जारी है। जिसके तहत अमेरिका ने वित्त वर्ष 2020 के लिए भारतीयों, पेशेवरों सहित विदेशी नागरिकों को लोकप्रिय एच-1 बी वीजा दिए जाने की संख्या को अब 65,000 तक सीमित कर दिया है। बता दें कि एच-1 बी वीजा गैर-प्रवासी वीजा है जो अमेरिकी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों को खासतौर से तकनीकी विशेषज्ञता वाले पेशों में नौकरी देने की अनुमति देता है।तकनीकी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर साल हजारों कर्मचारियों की भर्ती करने के लिए इस वीजा पर आश्रित रहती हैं। वीजा के आवेदनों को मंजूरी देने के काम से जुड़ी संघीय एजेंसी अमेरिकी नागरिकता एवं प्रवासी सेवा (यूएससीआईएस) ने कहा, ‘‘उसे वित्त वर्ष 2020 के लिए कांग्रेस द्वारा एच-1बी वीजा के लिए सीमित की गई 65,000 की संख्या के लिए पर्याप्त आवेदन मिल चुके हैं।’’ वित्त वर्ष एक अक्टूबर 2019 से शुरू होगा और यूएससीआईएस को एक अप्रैल से वीजा के आवेदन मिलने शुरू हो गए हैं। बहरहाल, एजेंसी ने इस बारे में नहीं बताया कि उसे पहले पांच दिनों में कितने आवेदन मिले।
