मतदाता जागरूकता हेतु वॉक फॉर डेमोक्रेसी सम्पन्न   

भोपाल। नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने और अधिक से अधिक मतदान हेतु आमजन को प्रेरित करने के दृष्टिगत स्वीप के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगर निगम, भोपाल द्वारा अन्य सहयोगियों के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को प्रात: राजधानी के बोट क्लब पर मतदाता जागरूकता हेतु वॉक फॉर डेमोक्रेसी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.सुदाम पी.खाडे ने निगम आयुक्त श्री विजय दत्ता की मौजूदगी में उपस्थित जनसमुदाय को शपथ दिलाई और गुब्बारे छोड़कर तथा हरी झण्डी दिखाकर वॉक फॉर डेमोक्रेसी का शुभारंभ किया। बोट क्लब से याट क्लब पम्प हाउस तक 01 किलोमीटर की वॉक के दौरान आमजन को मतदान हेतु प्रेरित किया गया। वॉक फॉर डेमोक्रेसी में मुख्य आकर्षण यूपीएससी की महिला टॉपर एवं भोपाल का गौरव कुमारी सृष्टि जयंत देशमुख थी जिन्होंने पूरे समय नागरिकों को मतदान हेतु प्रेरित किया और जागरूकता के संदेश दिए।  
वॉक फॉर डेमोक्रेसी में कलेक्टर, निगम आयुक्त, स्वीप आईकान श्रीमती वीनू गर्ग, सुश्री आकृति मेहरा आदि के अलावा जिला, पुलिस, नगर निगम प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारियों व वॉक में सम्मिलित गणमान्य नागरिकों ने भी आमजन को मतदान के प्रति जागरूकता के संदेश दिए एवं मतदान हेतु प्रेरित किया। इससे पहले आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के दृष्टिगत जुम्बा, एरोबिक आदि कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। वॉक फॉर डेमोक्रेसी में उपस्थित बड़ी संख्या में नागरिकों ने मतदाता जागरूकता हेतु स्थापित सेल्फी पाईंट पर सेल्फी ली तथा सिक्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर भी किए। 
इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.सुदाम पी.खाडे व निगम आयुक्त विजय दत्ता ने स्वीप आईकान एवं अन्य सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. संजय कुमार, निगम के अपर आयुक्तद्वय कमल सोलंकी व रणबीर सिंह, उपायुक्तगण सर्वश्री एल.आर.कोली, हरीश गुप्ता, विनोद कुमार शुक्ल, हर्षित तिवारी सहित निगम व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। 

Leave a Reply