गुजरात में गर्मी के तेवरों से नींबू की खपत रोज 15 टन तक बढ़ी, आसमान छूने लगे दाम

अहमदाबाद। मार्च के अंत से ही देश के कईं राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। गुजरात में भी ऐसे ही कुछ हाल हैं और इसका नतीजा लोगों के लिए जानलेवा होता जा रहा है। गर्मी और लू से राहत के लिए राज्य के लोग तरह-तरह के नुस्खे आजमा रहे हैं और इनमें नींबू पानी एक है।
गुजरात में मार्च के आखिरी और अप्रैल के शुरूआती दौर में ही गर्मी बढ़ने पर जहां नीबू के दाम आसमान छूने लगे हैं, वहीं इनकी खपत में भी प्रतिदिन 10-15 टन की वृद्धि हो गई है। पारा 42 के पार होते ही लोग डिहाइड्रेशन के शिकार होने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग गर्मी से बचने के लिए लोगों को नीबू सरबत सहित तरल पदार्थ के सेवन पर बल दे रहा है।
कृषि उत्पन्न बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही गर्मी 40 के पार होने पर अहमदाबाद और आस-पास के क्षेत्रों के लोग डिहाइड्रेशन के शिकार होने लगे हैं। इसके मद्देनजर नींबू के उपयोग में भी वृद्धि हुई हैं।
यहां खपत में भी 10-15 टन वृद्दि हुई हैं। इससे पूर्व अहमदाबाद और आसपास के इलाकों में 30-35 टन नींबू का उपयोग था। आजकल महाराष्ट्र, आंधप्रदेश, तामिलनाडु और कर्नाटक से नीबू आ रहा है।
यह नीबू यहां के होलसेल बाजार में 60-65 रूपये प्रतिकिलों के भाव से मिल रहा हैं। परन्तु ट्रांस्पोर्टेशन और खपत में वृद्दि के कारण 110-120 रूपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा हैं।
