14 साल के किशोर ने 5 साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, फिर लड़के की मां ने की ऐसी शर्मनाक हरकत

शहर की एक बस्ती में 14 साल के लड़के ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म कर डाला। इससे बच्‍ची की हालत बिगड़ गई। मामला उजागर होने और आरोपित लड़के की मां ने बच्ची के इलाज के लिए उसके माता-पिता को 500 रुपये थमा दिए। बाद में मामला रफादफा करवाने के लिए उसने बच्ची की अपने बेटे से शादी करवाने का ऑफर तक दे दिया।

पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है। बच्ची व आरोपित किशोर के परिवार बिहार के जिला गोपालगंज का रहने वाले हैं। बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपित लड़का नशा करता है। नशे में वह बच्ची को पकड़कर कमरे में ले गया। वहां उसने बच्ची को पीटा, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों ने बताया कि बच्ची जख्मी हालत में घर पहुंची तो उन्हें घटना का पता चला। परिवार बदनामी के डर से पहले पुलिस के पास नहीं गया, लेकिन रात को बच्ची की तबीयत खराब होने पर पुलिस से शिकायत की। आरोपित किशोर पहले भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।

पीडि़त बच्ची की मां ने कहा कि उन्होंने लड़के के घर जाकर उसके माता-पिता को पूरी घटना बताई। इस पर लड़के की मां ने उसे 500 रुपये थमा दिए और कहा कि किसी प्राइवेट डॉक्टर से इलाज करवा लें। बेटे से गलती हो गई है। अब मामला रफादफा करो। बच्ची की हालत खराब होने पर उन्होंने दोबारा किशोर के माता-पिता को बताया तो वे धमकियां देने लगे।

बच्‍ची की मां ने बताया कि इसके बाद वह और अन्‍य परिजन पार्षद को लेकर आरोपित के घर पहुंचे तो लड़के के परिवार वालों ने झगड़ा शुरू कर दिया। पुलिस के आने पर आरोपित की मां ने कहा कि वह बच्ची को अपनी बहू बनाने को तैयार है। बेटे से बच्ची की शादी करवा देगी। लोगों ने इसका विरोध किया। बच्ची की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे रात को ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बाल सुधार गृह भेजा जाएगा आरोपित : एसएचओ

एसएचओ भरत मसीह ने कहा कि आरोपित नाबालिग है। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।
 

Leave a Reply