राजनाथ बोले-देश सुरक्षित हाथों में, पाकिस्तान में घुसकर दिया पुलवामा हमले का मुंहतोड़ जवाब

पूर्णिया. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज देश सबसे मजबूत और सुरक्षित हाथों में है। पुलवामा की घटना के बाद हमने 15 दिनों के अंदर पाकिस्तान में घुसकर इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। पूर्णिया के धमदाहा उच्च विद्यालय में एनडीए प्रत्याशी जदयू कैंडिडेट संतोष कुशवाहा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कांग्रेस को देश की सुरक्षा व गरीबी के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि 1971 में भारत- पाक युद्ध के बाद भाजपा नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में इंदिरा गांधी की प्रशंसा की थी और उस समय पूरा देश एकजुट था तो आज एयर स्ट्राइक के बाद नरेंद्र मोदी का जयकारा क्यों नहीं।
गरीबी के मुद्दे पर कांग्रेस को जमकर घेरा
गरीबी के सवाल पर कांग्रेस की तीन पीढ़ियों के अलाप पर तंज कसते हुए राजनाथ ने कहा कि पहले इंदिरा गांधी फिर राजीव गांधी और अब राहुल गांधी गरीबी मिटाने की बात कर रहे हैं। राजीव गांधी ने खुद स्वीकार किया था कि जब हम दिल्ली से 1 रुपए भेजते हैं तो लोगों के पास 15 पैसे ही पहुंचते हैं। अब आज की स्थिति देखिए, हमारी सरकार जब दिल्ली से बैंक में आपके लिए पैसे डालती है तो वह सीधे आपके बैंक एकाउंट में आ रहा है। आज देश में लोगों के 34 करोड़ खाते खुले हैं। मोदी सरकार ने 1लाख 10 हज़ार करोड़ रुपए की बचत की है जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने वाली थी।
5 साल में हुआ करिश्माई परिवर्तन
गृहमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भारत में करिश्माई परिवर्तन हुआ है। ये मैं नहीं कर रहा, दुनिया की सबसे जानी-मानी एजेंसी की रिपोर्ट है। आज दुनिया के टॉप देशों में भारत छठें स्थान पर है, कुछ ही दिनों में यह पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगा। 2028-30 तक भारत रूस, चीन और अमेरिका को पीछे छोड़कर टॉप थ्री में आ जाएगा।
