ग्‍वालियर पुलिस ने 35 लाख की स्‍मैक सहित चार आरोपियो को किया गिरफ्तार

ग्‍वालियर । प्रदेश की ग्‍वालियर पुलिस क्राईम ब्रांच ने लगभग 35 लाख रूपये कीमत की 350 ग्राम स्‍मैक सहित चार स्‍मैक तस्‍करों को गिरफ्तार करने मे काययाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्‍जे से बोलेरो मैक्‍स चार पहिया वाहन, एक रॉयल इन्‍फील्‍ड मोटरसाईकिल, चार मोबाईल फोन एवं नगदी भी पुलिस ने जब्‍त की है। पुलिस मुख्‍यालय के निर्देश पर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध मादक पदा‍र्थो की जब्‍ती एवं इसकी तस्‍करी में लिप्‍त आपराधिक तत्‍वों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्‍वालियर पुलिस को यह सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार ग्‍वालियर पुलिस के हेल्‍प लाईन नंबर पर गुरूवार को सूचना मिली थी कि डीबी मॉल ग्‍वालियर बस स्‍टैंड के समीप कुछ संदिग्‍ध लोग अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े है। इस सूचना पर क्राईम ब्रांच की टीम ने तत्‍परता से घेराबंदी कर चार संदिग्‍ध व्‍यक्तियों को पकड़ा। इनकी तलाशी ली जाने पर कुल 350 ग्राम स्‍मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों में राहुल उर्फ मोनू व प्रियांशु सक्‍सैना निवासी मैनपुरी उत्‍तर प्रदेश एवं रहीस खान व काशिम उर्फ बॉबी खान शामिल है। आरोपियों के कब्‍जे से दुपहिया वाहन व चार पहिया वाहन सहित अन्‍य सामाग्री भी पुलिस ने जब्‍त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्‍ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों से अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्‍त के बारे में बारीकी से पूछताछ की जा रही है। ग्‍वालियर पुलिस द्वारा हेल्‍प लाईन नं पर मिली सूचना के आधार पर पूर्व में भी स्‍मैक की जब्‍ती और इस अवैध कारोबार में लिप्‍त आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

Leave a Reply