प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की नर्स ने खुदकुशी कर ली

सुरेन्द्रनगर | जिले के झिंझुवाडा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की नर्स के आत्महत्या कर लेने की घटना से सनसनी फैल गई| परिवार का आरोप है कि उसकी पुत्री ने डॉक्टर के अत्याचार से त्रस्त होकर आत्महत्या की| फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है|
जानकारी के अनुसार सुरेन्द्रनगर जिले की पाटडी तहसील के झिंझुवाडा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बतौर नर्स सेवारत मयूरी कालूभाई परमार ने 24 अप्रैल को दोपहर के समय विसावडी उप केन्द्र में किन्हीं कारणों से आत्महत्या करने के इरादे से कई गोलियां खा लीं| गोलियां खाने के बाद मयूरी परमार बेहोश हो गई, जिसे विरमगाम के अस्पताल में ले जाया गया| जहां से मयूरी परमार को अहमदाबाद के अस्पताल में रिफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई| अहमदाबाद के अस्पताल में मयूरी का पोस्टमार्टम करने के बाद शुक्रवार को उसके धामा गांव में अंत्येष्टि कर दी गई| दूसरी ओर आज मृतक मयूरी के पिता कालूभाई परमार ने झिंझुवाडा प्राथमिक स्वास्थ्य के केन्द्र के मेडिकल ऑफीसरप डॉ. नरेश मकवाणा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी| जिसमें आरोप लगाया है कि डॉ. दिनेश मकवाणा नौकरी को लेकर आए दिन मयूरी को प्रताड़ित करता था| जिससे तंग आकर मयूरी ने आत्महत्या कर ली| झिंझुवाडा पुलिस ने कालूभाई परमार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है|
