घर- घर जाकर मतदान के लिए उन्हें पीले चावल देकर मतदाताओं के किया आमंत्रित

नरसिंहपुर । लोकसभा निर्वाचन- 2019 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में शतप्रतिशत मतदाताओं को निष्पक्ष, निर्भीक एवं नैतिक मतदान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले के विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा व गाडरवारा में घर- घर जाकर मतदाताओं को पीले चावल देकर मतदान के लिए आमंत्रित किया गया। युवा, महिला, पुरूष, बुजुर्ग, गर्भवती व धात्री महिला, दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए आमंत्रित किया गया। मतदाताओं को आमंत्रण पत्र भी दिये गये। आमंत्रण पत्र में मतदान की तिथि एवं समय का उल्लेख किया गया है। आमंत्रण पत्र में मतदान के समय मतदाता की पहचान के लिए निर्धारित 12 दस्तावेज अंकित हैं। यह आयोजन बीएलओ, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, नगरीय प्रशासन, आजीविका मिशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और राजस्व विभाग के समन्वय से किया गया। दिव्यांग मतदाताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्हें टोकन वितरित किये गये और बताया गया कि मतदान के लिए उन्हें लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा व गाडरवारा में 6 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
इस दौरान घर- घर जाकर मतदाताओं को वोट डालने के लिए भी प्रेरित किया गया। मतदाताओं को मतदान की तारीख एवं समय की जानकारी दी गई। मतदाताओं को बताया गया कि इस बार वे केवल मतदाता पर्ची के आधार पर अपना वोट नहीं दे सकेंगे। मतदाताओं को मतदान के समय अपनी पहचान के लिए मतदाता परिचय पत्र- इपिक अथवा निर्धारित अन्य 11 दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। इन 12 दस्तावेजों में राशन कार्ड को मान्य नहीं किया गया है।
दीपक जलाकर व रंगोली बनाकर मतदान के लिए किया प्रेरित
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा व गाडरवारा के विभिन्न स्थानों पर मतदाताओं को लोकसभा चुनाव में मतदान जरूर करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके लिए जगह- जगह दीपक जलाकर कलश रखे गये। साथ ही रंगोली भी बनाई गई। रंगोली में मतदान की तिथि एवं समय अंकित किया गया।
