गुजरात कांग्रेस में होगा बड़ा उलटफेर, बढ़ सकता है हार्दिक पटेल का कद

अहमदाबाद। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उम्मीदों के विपरीत लोकसभा चुनावों के नतीजे आते हैं तो प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं पर गाज गिर सकती है। पार्टी फिर से पुराने नेताओं के हाथों में सौंपी जा सकती है। वहीं हार्दिक पटेल को युवक कांग्रेस में महासचिव बनाए जाने की संभावना है।

विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। इस आधार पर पार्टी प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन मतदान के बाद चुनावी चर्चा के दौरान पार्टी नेता अंदरखाते सिर्फ तीन सीटों के जीतने की ही बात कर रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह पार्टी में खींचतान और आपसी कलह है।

इन्हीं वजहों के चलते जहां आधा दर्जन विधायक पार्टी छोड़कर चले गए, वहीं पूरे चुनाव के दौरान कई विधायक नाराज होकर घर बैठे रहे। पार्टी सिर्फ यहीं पर कमजोर साबित नहीं हुई, बल्कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भारतीय ट्राइबल पार्टी के साथ गठबंधन नहीं हो पाने से कांग्रेस एक मजबूत विपक्ष के रूप में भी सरकार को घेर नहीं सकी।

अर्जुन मोढवाडिया को मिल सकती है कमान 

कांग्रेस नेताओं का मानना है कि चुनाव के बाद प्रदेश में बड़ा फेरबदल होगा। इसके तहत अध्यक्ष अमित चावड़ा को भी बदला जा सकता है। कांग्रेस के तेजतर्रार नेता अर्जुन मोढवाडिया के हाथों में कमान सौंपे जाने की संभावना नजर आ रही है। वहीं नेता विपक्ष परेश धनानी अमरेली से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके जीतने की संभावना सबसे अधिक है, इसलिए नेता विपक्ष का पद किसी आदिवासी नेता को मिल सकता है। इसके लिए वरिष्ठ नेता मोहन सिंह राठवा का नाम सबसे ऊपर है।

पार्टी कई अन्य राज्यों में देख रही हार्दिक का फायदा

पार्टी हार्दिक को युवक कांग्रेस में महासचिव बनाने का फैसला कर चुकी है। पहले उनका नाम अध्यक्ष के लिए भी चला था, लेकिन इस पद के लिए पार्टी में चुनाव की व्यवस्था होने से इस पद पर नियुक्ति संभव नहीं है। कांग्रेस को लगता है कि हार्दिक गुजरात केअलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं।
 

Leave a Reply