भिवानी में राहुल की रैली से पहले पंडाल में लगी आग, एसी का कंप्रेशर फटा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भिवानी-लोकसभा प्रत्याशी श्रुति चौधरी के चुनाव प्रचार के लिए भिवानी में चुनावी रैली के लिए पहुंच रहे हैं। पार्टी नेता व कार्यकर्ता रैली स्थल किरोड़ीमल पार्क में पहुंचने शुरू हो गए हैं। रैली से पूर्व पंडाल में लगे एसी में अचानक आग लग गई। आग एसी का कंप्रेशर फटने से लगी बताई जा रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। 

एसी में लगी आग के कारण रैली स्थल पर कुछ देर के लिए अफऱा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि कुछ ही देर में स्थिति संभल गई। रैली के लिए 10 फीट ऊंचा व वाटर प्रूफ मंच तैयार किया गया है। मंच के ठीक सामने तीन लेयर बनाई गई हैंं। पहली लेयर में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के लिए वीवीआइपी गैलरी, उसके बाद प्रदेश स्तर के नेताओं के लिए और तीसरी गैलरी में मीडिया कर्मियों के लिए व्यवस्था की गई है। करीब छह एकड़ में फैले सभा स्थल को हजारों लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।

 

इंदिरा गांधी ने भी यहीं की थी रैली

बता दें कि इस मंच से ही राहुल गांधी की दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ.बंसीलाल के लिए संबोधन कर सशक्त राजनीति की नींव रखी गई थी।

 

शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध

राहुल गांधी के आगमन को लेकर शहर में और सभा स्थल पर पुलिस द्वारा भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभा स्थल पर सुरक्षा कर्मचारी जांच कर रहे हैं तो शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की जा रही है। देशभक्त का संदेश देने के लिए पूरा टेंट तिरंगे से सजाया गया है।

Leave a Reply