CBSE 10th Result 2019: अब जल्द आएंगे नतीजे, 12वीं का मार्क्स वेरिफिकेशन भी शुरू

पटना । सीबीएसई की 12वीं के रिजल्ट के बाद अब 10वीं का रिजल्ट कभी भी आ सकता है। इसे लेकर बिहार में परीक्षार्थियों की धड़कनें बढ़ गईं हैं। हालांकि, बोर्ड ने अभी परिणाम की तारीख और समय के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इस बीच 12वीं की परीक्षा में मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। परीक्षा में गलत मार्किंग करने वाले परीक्षकों के खिलाफ बोर्ड कार्रवाई भी करेगा।
सीबीएसई की प्रवक्ता रमा शर्मा के अनुसार बोर्ड आधिकारिक रूप से 10वीं का परीक्षा परिणाम जानने की प्रक्रिया, तिथि और समय की विधिवत जानकारी देगा। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट www.results.nic.in, www.cbseresults.nic.in, www.cbse.nic.in पर देख सकते हैं।
12वीं के रिजल्ट के बाद जल्दी ही जारी होते रहे 10वीं के रिजल्ट
विदित हो कि 12वीं के रिजल्ट से पहले बोर्ड ने कहा था कि परिणाम मई के दूसरे-तीसरे हफ्ते में घोषित कर दिए जाएंगे। लेकिन इसके पहले 12वीं का रिजल्ट अचानक दो मई को जारी कर दिया गया। पिछले साल की बात करें तो सीबीएसई ने 10वीं-12वीं के रिजल्ट के एक दिन पहले इसकी जानकारी दे दी थी। सीबीएसई की परंपरा रही है कि 12वीं के रिजल्ट के तीन दिनों के अंदर 10वीं का रिजल्ट जारी होता रहा है।
अब किसी भी वक्त आ सकते नतीजे
ऐसे में माना जा रहा है कि बोर्ड ने भले ही प्रकाशन तिथि की घोषणा नहीं की है, लेकिन इसका प्रकाशन एक-दो दिनों के अंदर हो जाएगा। परीक्षा परिणाम सोमवार या मंगलवार तक आ सकता है। इसके लिए सीबीएसई की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षाफल की घोषणा किसी भी वक्त की जा सकती है।
12वीं के मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
इस बीच सीबीएसई 12वीं परीक्षा में मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन ले रहा है। इसके लिए परीक्षार्थियों से 500 रुपये प्रति विषय का शुल्क लिया जा रहा है। परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए 20 और 21 मई को ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए परीक्षार्थियों को प्रति विषय 700 रुपये का शुल्क देना होगा। बाद में परीक्षार्थी 24 व 25 मई को दोबारा मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसमें उन्हें 100 रुपये प्रति प्रश्न देना होगा। यदि पूर्व के मूल्यांकन में किसी प्रकार की त्रुटि व गलती पाई गई तो संबंधित परीक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।
सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ. राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि वेरिफिकेशन के दौरान अंक में किसी तरह का परिवर्तन होने पर परीक्षार्थियों को क्षेत्रीय कार्यालय से पत्र भेजकर सूचना दी जाएगी।
