इस खूंखार गैंगस्टर ने जंगल में गुजरात ATS की चार महिला अधिकारियों के आगे टेके घुटने

गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की एक टीम ने रविवार को जूनागढ़ के निवासी गैंगस्टर जुसाब अल्लारखा को गिरफ्तार किया है। पीएसआई संतोक ओडेदरा के मुताबिक, जुसाब के खिलाफ लूट के चार मामले दर्ज हैं और लूट और सरकारी अधिकारियों पर हमला करने के अन्य मामले हैं।
गुजरात एटीएस टीम की चार महिला पुलिसकर्मियों ने बहादुरी की मिसाल पेश कर जूनागढ़ के जंगल से इस गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। ये लूट, हत्या, फिरौती और चोरी के कई मामलों में शामिल है। यह जूनागढ़ के लोगों और पुलिस के लिए सिर का दर्द बना हुआ था। इसकी गिरफ्तारी से जूनागढ़ पुलिस ने राहत की सांस ली है।
जूनागढ़ जिले का रहने वाला गैंगस्टर पिछले साल जून में पैरोल पे छूटा था और उसके बाद वो फरार हो गया था। इसके बाद भी उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया। स्थानीय पुलिस को उसे पकड़ने में मुश्किलें इसलिए आ रही थीं, क्योंकि वो घटनाओं को अंजाम देकर जंगलों में छुप जाता था। इसके बाद ये मामला एटीएस को सौंपा गया, जिसे इस महिला टीम ने बखूबी पूरा किया।
महिला पीएसआइ की एक टीम को हाल ही में एटीएस में शामिल किया गया है। इनके नाम हैं- संतोजबेन ओडेडरा, नितिमिका गोहिल, अरुणाबेन गामिती और शकुन्तला मल। महिला पुलिस इंस्पेक्टर्स के जरिए नामचीन डॉन की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
