आयुष्मान कार्डधारक को इलाज नहीं, जांच के आदेश

नई दिल्ली । अमेठी के संजय गांधी अस्पताल में आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद डॉक्टर द्वारा एक मरीज को इलाज देने से मना करने का मामला सामने आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। इस मामले में नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के सीईओ इंदुभूषण और अमेठी के जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब की गई हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अमेठी निवासी अरुण मिश्रा नामक शख्स ने आरोप लगाया है कि अमेठी के संजय गांधी अस्पताल ने उनके चाचा नन्हें लाल मिश्रा का आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उन्हें निशुल्क इलाज देने से इनकार कर दिया था। नन्हें लाल की 26 अप्रैल को मौत हो गई। इस मामले के सोशल मीडिया में *आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मामले को संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
