बाहरी लोगों को भाजपा ने बांटी नौकरियां: दिग्गी

भोपाल । प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने कहा कि मेरे शासनकाल में शिक्षाकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य रक्षक, विद्युत कर्मी के रूप में 3 लाख 50 हजार प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिया, लेकिन शिवराज सरकार ने अन्य राज्यों के लोगों के लिए प्रदेश में नौकरी देने का रास्ता खोल दिया। हमारी सरकार नौकरी के लिए परीक्षा फीस तक नहीं लेती थी। उधर, शिवराज ने इसमें भी फीस वसूली शुरू की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश का युवा व्यापमं जैसे घोटाले से त्रस्त हुआ। श्री सिंह गैर मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों को नीलम पार्क में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरा राजनैतिक जीवन 45 वर्षों का रहा है। एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। भाजपा के लोग मुझे बेईमान, हिंदू विरोधी और मुस्लिम परस्त कहते हैं। मुझे गाली भी देते हैं। मेरा राजनैतिक जीवन खुली किताब की तरह है। भाजपा के लोगों को मैं चुनौती देता हूं कि सामने आकर बात करें। हर बार की तरह पीछे से मत भागना। हिम्मत है तो भाजपा मेरी चुनौती स्वीकार करे। यह बात सिंधी सेंट्रल पंचायत की बैठक के दौरान भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने कही। 
    उन्होंने कहा कि शहीदों को अपशब्द कहना, सेना के नाम पर वोट मांगना, धर्म के नाम पर गुमराह करना ही भाजपा का काम है। मर्जर मामले को लेकर सिंह ने कहा कि जमीनी हकीकत को ध्यान में रखते हुए कानूनविदों से साथ बैठक कर विचार करेंगे। सिंधी पंचायत के लिए सिंधी कल्याण परिषद और सिंधी अकादमी का गठन करने का काम कांग्रेस ने ही किया है। दिग्विजय सिंह ने कल जेएनसीटी कॉलेज में सभा के बाद लोगों के साथ पंगत में बैठ भोजन किया। साथ ही परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। हर्राखेड़ा ब्लॉक में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। ईदगाह हिल्स स्थित गुरूद्वारा गुरू नानक टेकरी साहिब पर दिग्विजय सिंह ने मत्था टेका साथ ही सिंख समुदाय से समर्थन भी मांगा। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान श्री सिंह रोजाना कई नुक्कड सभाओं को संबोधित कर रहे हैं और अपने पक्ष में मतदाताओं से मतदान की अपील भी कर रहे हैं।

Leave a Reply