सरिस्का वन क्षेत्र में वन्य जीवों ने किया अधेड़ व्यक्ति का शिकार, ग्रामीणों में दहशत

अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण क्षेत्र में एक बार फिर एक ग्रामीण वन्य जीवों का शिकार हो गया. आशंका जताई जा रही है कि पैंथर या बाघ ने उसका शिकार किया है. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है. इस क्षेत्र में पूर्व में भी पैंथर करीब आधा दर्जन लोगों का शिकार कर चुके हैं.जानकारी के अनुसार किशोरी गांव का रामस्वरूप मीणा शनिवार को लापता हो गया था. ग्रामीणों ने उसे वन विभाग की सहायता से जंगल में ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया. शनिवार को देर रात करीब 2 बजे उसका शव अजबगढ़ रेंज के पास जंगल में कपूरशाह धार्मिक स्थल के पास क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला. वन विभाग और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी पैंथर या बाघ ने रामस्वरूप का शिकार किया है. बाद में आजमगढ़ के क्षेत्रीय वन अधिकारी राम वर्मा और प्रतापगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया.ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को अमावस्या होने के कारण रामस्वरूप सुबह बाइक से धार्मिक स्थल पाराशर धाम के लिए रवाना हुआ था. दर्शन करने के बाद वापस लौटते समय वह अजबगढ़ के पास कपूरशाह नामक धार्मिक स्थल पर रुक गया था. वहां उसकी बाइक खड़ी हुई मिली, लेकिन रामस्वरूप लापता था. इस पर सर्च अभियान शुरू किया गया. उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी सरिस्का के जंगल और आसपास के क्षेत्र में पैंथर करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों का शिकार कर चुके हैं.

Leave a Reply