स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू करेगा बीयू

भोपाल । बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू)अपने विद्यार्थियों के लिए स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू करेगा। इसके लिए बीयू कंपनियों से अनुबंध करेगा। इस प्रोग्राम को इंजीनियरिंग, फार्मेसी व माइक्रोबायोलॉजी, मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए शुरू किया जाएगा। साथ ही विवि कई कंपनियों से प्लेसमेंट के लिए भी विचार-विमर्श करेगा। मालूम हो कि बरकतउल्ला विश्वविदयालय नैक की ग्रेडिंग में ए-ग्रेड पाने के लिए काफी प्रयास कर रहा है। विवि की ये सारी कवायदें इसी रणनीति के तहत की जाएगी। बीयू नैक के निरीक्षण में बेहतर अंक हासिल करने के लिए तमाम प्रयास कर रहा है। राजभवन में नैक के प्रेजेंटेशन के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बीयू कुलपति प्रो आरजे राव को निर्देश दिए थे कि बीयू में स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम पर जोर दिया जाए और प्लेसमेंट कराया जाए। इसके बाद बीयू कंपनियों से लगातार संपर्क कर रहा है। कंपनियों से अनुबंध होने के बाद बीयू जल्द ही स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाएगा।
इस प्रोग्राम में प्रबंधन पॉलिसी, मार्केटिंग क्षमताओं का आंकलन, विज्ञापन, उद्यमिता सहित कई विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट के क्षेत्र में होने वाले नए डेवलपमेंट के बारे में जानकारी दी जाएगी। विवि में प्लेसमेंट को बढ़ावा देने के लिए प्लेसमेंट सेल गठित किया जाएगा। वर्तमान में इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट में सिर्फ दो प्लेसमेंट ऑफिसर हैं। इसके लिए अन्य विभागों में भी प्लेसमेंट सेल गठित कर प्लेसमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा। इस बारे में बीयू के कुलपति प्रो आरजे राव का कहना है कि कई कंपनियों से स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के लिए बात हो रही है। साथ ही विवि के प्रोफेसरों से भी बैठक चल रही है। जल्द ही कुछ कंपनियों से अनुबंध कर प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। साथ ही कई कंपनियों से प्लेसमेंट कराने पर भी चर्चा होगी।
