भोपाल में 8 मई को BJP का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की स्पेशल टीम संभालेगी मोर्चा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 8 मई को अमित शाह का रोड शो है, जिसमें बीजेपी अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी. आगामी 12 मई को प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान होना है और अब इस चरण के लिए बीजेपी ने अपना पूरा फोकस भोपाल सीट की ओर कर लिया है. मतदाता तक पहुंचने के लिए बीजेपी ने अपनी स्पेशल 5 की टीम बनाई है, जो विभिन्न समीकरणों के अनुसार तमाम रणनीतियां निर्धारित करेंगे. ये स्पेशल 5 की टीम राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की है, जो भोपाल पर अपने पूरी नजर जमाए हुए हैं.

देश में दूसरे चरण का मतदान खत्म होते ही बीजेपी ने भोपाल सीट पर फोकस कर लिया है. बुधवार को भोपाल में अमित शाह के रोड शो को सफल बनाने के लिए बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव और शाह के दौरों के प्रभारी अनिल जैन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गुजरात प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने भोपाल में डेरा डाल लिया है. वे चुनाव होने तक मध्य प्रदेश में रहेंगे.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी को भोपाल में स्थानीय नेताओं से भीतरघात का भी डर है. पिछले दिनों जहां एक ओर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने भोपाल में विधायक और पार्षदों की क्लास ली थी, तो वहीं दूसरी तरफ फातिमा सिद्दीकी ने भी साध्वी के लिए बगावत के सुर बोले थे. ऐसे में बीजेपी को एक डर ये भी है कि कहीं शाह का रोड शो फ्लॉप न हो जाए.

बीजेपी के 11 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और ऐसे 5 मध्य प्रदेश में तैनात हैं. इनमें से कुछ स्टार प्रचारक हैं, तो कुछ प्रदेश कार्यालय में रणनीति तैयार करने में जुटे हैं. आपको बता दें कि बीजेपी की स्पेशल 5 टीम मेंबर में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, गुजरात प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, प्रभात झा, स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान और स्टार प्रचारक उमा भारती शामिल हैं.

रोड शो को लेकर बीजेपी का कहना है कि ये रोड शो जनसमर्थन के लिए है. वहीं कांग्रेस का कहना है कि अमित शाह का आना यूं ही नहीं है बल्कि पार्टी की भितरघात की स्थित को कंट्रोल करना उनका मेन फोकस है. भोपाल में शाह का आना डैमेज कंट्रोल है.
 

Leave a Reply